प्रभात झा का कमलनाथ पर हमला, बताया चीनी एजेंट

Last Updated 26 Jun 2020 04:02:00 PM IST

भारत और चीन की सीमा पर चल रहे तनाव के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ पर बड़ा हमला बोला है और उन्हें चीन का एजेंट करार दिया है।


मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ (फाइल फोटो)

प्रभात झा ने यहां शुक्रवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग चीन की भाषा क्यों बोल रहे है इसका रहस्योद्घाटन हुआ है। उसमें सबसे बड़ी भूमिका राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की है। वे जब वाणिज्यमंत्री थे तब चीन के एजेंट के तौर पर काम कर रहे थे।

झा ने कमलनाथ को चीनी एजेंट बताए जाने के पीछे तर्क दिया और कांग्रेस के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा, "भारत की कांग्रेस पार्टी और चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के बीच बहुत से मुद्दों पर समझौता होता है। देश में जो चीजें बहुत सरलता से उपलब्ध हैं ऐसी चीजों के उपलब्ध होने के बावजूद भी 250 चीजों का आयातित करना और उस पर आयातित शुल्क कम करना और उसके जरिए जो आर्थिक लाभ हुआ और पैसा आया उससे कांग्रेस की मदद करना और राजीव फाउंडेशन में देना राष्ट्रीय अपराध है और इसका एक मात्र व्यक्ति जिम्मेदार है उस समय के वाणिज्य मंत्री। यह सब रिकॉर्ड पर उपलब्ध है।"

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष झा ने कमलनाथ से पूछा है कि उन्हें यह बताना चाहिए कि वे भारत के नागरिक हैं या चीन के एजेंट इसका जवाब उन्हें देना पड़ेगा। यह देश के गांव-गांव और गली-गली में बताया जाएगा, कांग्रेस और राहुल गांधी आखिर चीन की भाषा क्यों बोल रहे हैं।

आईएएनएस
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment