कांग्रेस ने एक महिला को प्रताड़ित किया : प्रज्ञा ठाकुर

Last Updated 18 Apr 2019 03:37:20 PM IST

मध्य प्रदेश की भोपाल संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने गुरुवार को कांग्रेस पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस ने हिंदुओं को आतंकवाद से जोड़ते हुए एक महिला को प्रताड़ित किया।


भाजपा की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर

भोपाल संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "कांग्रेस ने हिंदुओं को आतंकवाद से जोड़ा है, हिंदू आतंकवाद बताया, एक महिला को प्रताड़ित किया, दिग्विजय सिंह सबूत मांग रहे हैं तो उन्हें प्रताड़ना के सबूत दिए जाएंगे।" उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएंगी और प्रताड़ना के सबूत भी देंगी।

मालेगांव बम विस्फोट की आरोपी साध्वी प्रज्ञा ने कहा, "एक महिला को किस तरह से प्रताड़ित किया गया, कानून का किस तरह से उल्लंघन किया गया, यह सब षड्यंत्रपूर्वक हुआ है। इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाऊंगी।"

साध्वी ने अपने साथ किए गए बर्ताव का जिक्र करते हुए कहा, "मुझे जिस तरह से प्रताड़ित किया गया, उस तरह तो गुलामी के दौर में भी प्रताड़ित नहीं किया गया होगा। अब मैं कैसे यह भरोसा कर लूं कि आने वाले दिनों में किसी अन्य महिला के साथ ऐसा नहीं होगा।"

प्रज्ञा से जब संवाददाता ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का हवाला देते हुए पूछा कि सिंह प्रताड़ना के सबूत मांग रहे हैं तो उन्होंने कहा, "यह अच्छी बात है कि वह (दिग्विजय) स्वयं यह कह रहे हैं, सबूत भी उन्हें मिल जाएंगे, निश्चित रूप से मिलेंगे। बिना प्रमाण के मैं कोई बात नहीं करती। उन्होंने (कांग्रेस) अबतक जो गैरकानूनी कार्य और षड्यंत्र किए हैं, उनका प्रत्यक्ष प्रमाण मैं हूं।"



भाजपा ने भोपाल संसदीय सीट से कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह के खिलाफ साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को मैदान में उतारा है। साध्वी पर मालेगांव बम विस्फोट मामले में शामिल होने का आरोप है।

आईएएनएस
भोपाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment