'JDU का RJD में जल्द होगा विलय': गिरिराज सिंह के दावे पर ललन सिंह बोले- ये उनका TRP स्टंट

Last Updated 23 Dec 2023 03:44:21 PM IST

बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बड़ा दावा किया है कि जल्द ही नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू का लालू यादव की पार्टी आरजेडी में विलय हो जाएगा।


जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष ललन सिंह (फाइल फोटो)

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने शनिवार को दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) और लालू प्रसाद के राष्ट्रीय जनता दल (RJD) विलय की ओर बढ़ रहे हैं।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने यह दावा तब किया जब संवाददाताओं ने उनसे जनवरी तक लोकसभा चुनाव के वास्ते विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के बीच सीट के बंटवारे को अंतिम रूप देने पर कुमार द्वारा जोर दिये जाने के बारे में सवाल किया गया।

सिंह ने शरारती अंदाज में कहा, ‘‘लालू जी से मेरा व्यक्तिगत समीकरण है । उन्होंने मेरे कान में कई ऐसी बातें कहीं जिन्हें मैं सार्वजनिक रूप से सामने नहीं रख सकता। लेकिन मैं आपको इतना तक बता दूं कि जदयू का शीघ्र ही राजद के साथ विलय होने जा रहा है।’’

उल्लेखनीय है कि प्रसाद और सिंह हाल में दिल्ली से लौटते समय एक ही विमान में थे। राजद सुप्रीमो प्रसाद विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में भाग लेने दिल्ली गये थे जबकि केंद्रीय मंत्री अभी-अभी समाप्त हुए संसद के सत्र में हिस्सा ले रहे थे।

गुरूवार शाम को पटना पहुंचने पर सिंह ने पत्रकारों से कहा था कि विमान में उनके चिर प्रतिद्वंद्वी प्रसाद ने उनसे कहा था, ‘‘(बेटे और उपमुख्यमंत्री) तेजस्वी यादव को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने का वक्त आ गया है।’’

तेजस्वी यादव जोकि उसी विमान में मौजूद थे, ने उनके और नीतीश कुमार के बीच दूरी पैदा करने की (सिंह की) कोशिश को बाद में यह दावा करते हुए खारिज कर दिया कि असल में केंद्रीय मंत्री (सिंह) ने उनसे और उनके पिता के साथ बातचीत के दौरान भाजपा और केंद्र सरकार में अपने अनिश्चित भविष्य को लेकर चिंता व्यक्त की थी।

जब तेजस्वी यादव से भाजपा नेता के ‘विलय संबंधी’ दावे के अनुमान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘ सिंह कुछ सुर्खियां बटोरने की हताश कोशिश में ऐसे बयान देना पसंद करते हैं। यदि वह अनाप-शनाप नहीं बोलेंगे तो कोई उनपर ध्यान नहीं देगा।’’

ऐसी ही राय जदयू अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ‘ललन’ ने भी व्यक्त की, जब उनसे राजद के साथ विलय के अनुमान के बारे में पूछा गया।

ललन सिंह ने शनिवार को भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि 3 राज्यों की जीत से भाजपा का मनोबल ऊंचा है, इसलिए लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि देश की जनता लोकतंत्र प्रेमी है, लोकतंत्र पर विश्वास करती है।

पटना में पत्रकारों से चर्चा के दौरान जब सुशील मोदी के जदयू के अध्यक्ष हटाए जाने के संबंध में सिंह से पूछा गया तो उन्होंने भड़कते हुए कहा कि सुशील मोदी का नीतीश कुमार से पर्सनल बात हुआ होगा। तभी वो ऐसा कयास लगा रहे हैं। नीतीश कुमार से सुशील मोदी का बहुत नजदीकी रिश्ता रहा होगा। नीतीश कुमार से उनकी बात हुई होगी तभी वो ऐसा कह रहे हैं। नीतीश कुमार की बात भी सुशील मोदी ही जान रहे।

भाजपा की तरफ से इंडिया गठबंधन पर उठाए जा रहे सवाल पर सिंह ने कहा कि गठबंधन में ऑल इज वेल है। जो लोग भी सवाल उठा रहे हैं, वो कोई ज्योतिषी नहीं हैं। 3 सप्ताह में सभी सीटों का बंटवारा होगा, कहीं कोई समस्या नहीं है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की तरफ से जदयू का राजद में विलय के बयान पर जदयू अध्यक्ष ने कहा कि उनको अपना टीआरपी हासिल करना है, इसलिए कुछ भी बोलते रहते हैं। उनकी बातों का कोई मतलब नहीं रहता है।

भाषा/आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment