बिहार: कुएं में गिरे सूअर को बचाने के चक्कर में 3 लोगों की मौत

Last Updated 23 Jun 2021 06:04:14 PM IST

बिहार के गया जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में बुधवार को कुएं में गिरे एक सूअर (पिग) को बचाने के क्रम में तीन युवकों की दम घुटने से मौत हो गई।


पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जानी बिगहा गांव में बुधवार की सुबह एक पालतू सूअर एक पुराने कुएं में जा गिरा। वहीं पर खेल रहे बच्चों ने इसकी जानकारी गांव के लोगों को दी।

सूअर के गिरने की खबर मिलने के बाद रविन्द्र मांझी ने सूअर को बचाने के लिए कुएं में छलांग लगा दी। कुछ देर तक जब मांझी कुएं से बाहर नहीं निकला, तो दो अन्य लोग भी कुएं में उतर गए और तीनों की मौत हो गई।

बोधगया के थाना प्रभारी नीतेश कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान रविन्द्र मांझी, जितेन्द्र मांझी और वीरेन्द्र मांझी के रूप में की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मदद से तीनों शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है तथा पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रथम ²ष्टया मौत का कारण दम घुटना प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक कुआं काफी संकीर्ण और दलदलनुमा है।
 

आईएएनएस
गया


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment