बिहार में होली की धूम, राज्यपाल फागू चौहान, CM नीतीश ने दी शुभकामनाएं

Last Updated 29 Mar 2021 01:46:17 PM IST

कोरोना के बीच बिहार में रंगों का त्योहार होली धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर बिहार के राज्यपाल फागू चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद समेत कई नेताओं ने होली की शुभकामनाएं दी।


राज्यपाल फागू चौहान ने सभी बिहारवासियों व देशवासियों को होली पर्व के सुअवसर पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी है।

अपने शुभकामना संदेश में राज्यपाल ने कहा, "होली प्रेम, उल्लास, बंधुत्व और सामाजिक समरसता का एक ऐसा अनूठा लोक पर्व है जिसमें सभी लोग जीवन की मस्ती के रंगों में रंग जाते हैं। इस त्योहार से हमारी सामाजिक सद्भावना एवं राष्ट्रीय एकता भी सशक्त होती है।

राज्यपाल ने मंगलकामना की है कि सभी बिहारवासी होली के इस पावन पर्व को हंसी-खुशी और उमंग के साथ मनाएं जिससे देश और समाज में सुख-शांति और समृद्धि रहे तथा हम प्रगति-पथ पर सतत तेजी से आगे बढ़ते रहें।

इधर, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी देश एवं प्रदेशवासियों को रंगों के त्योहार होली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि होली सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह त्योहार राज्यवासियों की जिन्दगी में खुशियों का नया रंग लेकर आएगा।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए सभी लोग घर के अंदर ही होली मनाएं।

बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने लोगों को होली की शुभकमना देते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा, ''रंग हो न्याय का, रंग हो आजादी का, रंग हो अधिकार का, रंग हो नौकरी रोजगार का, रंग यही हो नए भारत, नए विकसित बिहार का। एक ही प्रार्थना एक ही दुआ। आप सबों का जीवन एकता, मानवता और खुशहाली के रंगों से सदा महकता रहे। होली मुबारक!''

बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने भी प्रदेश के लोगों को होली की बधाई और शुभकामना दी है।

आईएएनएस
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment