बिहार के पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री विनोद सिंह का निधन, CM नीतीश ने जताया दुख

Last Updated 12 Oct 2020 04:35:55 PM IST

बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह का हरियाणा में गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में आज सुबह निधन हो गया।


वह 47 वर्ष के थे। पारिवारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस वर्ष जून-जुलाई में कोरोना संक्रमित हुए मंत्री सिंह कुछ दिनों के इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर लौट गए थे। लेकिन पुन: बीमार पड़ने पर उन्हें पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उनका ब्रेन हेमरेज हो गया।

इसके बाद उन्हें गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आज सुबह उनका निधन हो गया। सिंह ने वर्ष 2015 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर कटिहार जिले के प्राणपुर से जीत दर्ज की थी । उनकी लगातार खराब रही तबियत को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में सिंह की पत्नी निशा सिंह को उम्मीदवार घोषित किया है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री विनोद कुमार सिंह के असामयिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्व विनोद कुमार सिंह जमीन से जुड़े राजनेता थे। वे कैबिनेट में मेरे सहयोगी थे। वे एक कुशल प्रशासक एवं लोकप्रिय राजनेता थे। उनके असामयिक निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुःख पहुंचा है। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। कोविड काल के लिय वर्तमान में लागू दिशा निर्देश के तहत राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्राथर्ना की है।
 

वार्ता
पटना


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment