बिहार में अकेले विस चुनाव लडे़गी कांग्रेस:

Last Updated 01 Feb 2010 06:04:30 PM IST


बेतिया। कांग्रेस पार्टी बिहार में अगला विधानसभा चुनाव अपने दम पर लडे़गी। यह जानकारी बिहार के दो दिवसीय दौरे कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने दी। राहुल आज पश्चिम चंपारण जिले के भितहरवा गांव पहुंचे। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आश्रम में जाकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। गांधी आश्रम परिसर में राहुल ने आंतरिक चुनाव में शामिल होने के लिए पार्टी के संभावित युवा उम्मीदवरों के साथ बातचीत की। राहुल ने कहा कि जनता का भरोसा खोने के कारण बिहार में कांग्रेस की यह दुर्गति हुई और अगला चुनाव उनकी पार्टी अपने दम पर लडे़गी। उन्होंने कहा कि कि अब नेता पाराशूट से नहीं गिराए जाएंगे बल्कि गांव के पंचायत से बनेंगे। राहुल ने कहा कि जिनकी जमीन मजबूत होगी, वही आगे बढ़ेंगे तथा जो जनता के बीच जाकर उनके लिए संघर्ष करेगा उसी को पार्टी का टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस की ओर देश के युवाओं का झुकाव तेजी से बढ़ रहा है और युवाओं के जरिए पार्टी के संगठन को मजबूत बनाया जाएगा। राहुल ने कहा कि बिहार में बदलाव लाना है और युवा कांग्रेस के नेता यहां की जनता के लिए लड़ेंगे। राहुल दरभंगा के ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में आयोजित एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करेंगे। दरभंगा में भी राहुल पार्टी के आंतरिक चुनाव में शामिल होने के लिए संभावित उम्मीदवरों के साथ बातचीत करेंगे और बोधगया में पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। राहुल आज ही गया से पटना लौट आएंगे और शाम में यहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी की एक समिति को संबोधित करेंगे।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment