वैंनकुवर। डिडियर डिफांगो ने शीतकालीन ओलम्पिक खेलों की पुरूषों की डाउनहिल प्रतियोगिता में पहली बार स्विट्जरलैंड को स्वर्ण पदक दिलाया।
भारी बारिश और एक खिलाड़ी की मौत के हादसे से उबर चुके शीतकालीन खेल अब अपने पूरे शबाब पर हैं और दो दिन की शांति के बाद पूरे दिन खिलाड़ियों की काफी गहमागहमी नजर आयी।
डाउनहिल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले डिफागो ने कहा कि मुझे खुशी है कि मै अपने देश के लिये पदक जीत सका। डिफागो ने डेव मुरे कोर्स की 3105 मीटर की दूरी एक मिनट और 54.31 सैकंड में तय करके पहला स्थान हासिल किया।
महिलाओं की दस किलोमीटर फ्री स्टाइल क्रास कंट्री दौड 22 वर्षीय स्वीडन की चार्लोट काल्ला ने 24 मिनट और 58.04 सेकेंड में जीती।