गांधीनगर में अमित शाह का रोड शो, लगे 'कश्मीर हमारा है' के नारे

Last Updated 06 Apr 2019 12:46:33 PM IST

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के 39वें स्थापना दिवस पर शनिवार को गांधीनगर में एक रोड शो शुरू किया। शाह गांधीनगर सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।


गांधीनगर में अमित शाह का रोड शो

अहमदाबाद के सरखेज इलाके से शुरू हुए रोड शो से पहले शाह ने जनसंघ के संस्थापक दीन दयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीरों पर माल्यार्पण किया।    

शाह ने वहां मौजूद लोगों से ‘जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वो कश्मीर हमारा है, सारा का सारा हमारा है’ के नारे लगाने के लिए कहा।         

पीडीपी प्रमुख और जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने हाल ही में शाह की आलोचना की थी कि वह कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को हटाने का ‘दिवास्वप्न’ देख रहे हैं।         

शाह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतू वघानी के साथ एक खुले वाहन में रोड शो शुरू किया।         

रोड शो अहमदाबाद शहर के पश्चिमी हिस्सों के कई इलाकों से होकर गुजरेगा। अहमदाबाद शहर गांधीनगर लोकसभा सीट के तहत आता है। यह रोडशो वेजलपुर, प्रहलादनगर, जीवराज पार्क, मानसी क्रॉस रोड से होकर गुजरेगा और वस्त्रपुर में हवेली पर खत्म होगा।          

शाम को शाह एक अन्य रोड शो करेंगे जो साबरमती इलाके से होकर गुजरेगा।         

शाह के शनिवार रात को उनके निर्वाचन क्षेत्र के बोपल इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं से भी मिलने की उम्मीद है।         

उन्हें गांधीनगर सीट से भाजपा के बुजुर्ग नेता एल के आडवाणी के स्थान पर उतारा गया है। आडवाणी साल 1998 से इस सीट पर जीतते रहे हैं। यह शाह का पहला लोकसभा चुनाव है।         

भाजपा अध्यक्ष ने वित्त मंत्री अरुण जेटली, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में गत शनिवार को अपना नामांकन दाखिल किया था।

भाषा
अहमदाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment