BJP में बैठकों का दौर शुरू, अपने एग्जिट पोल की कर रहे हैं समीक्षा

Last Updated 02 Jun 2024 11:56:08 AM IST

आखिरी चरण के चुनाव के बाद भारतीय जनता पार्टी में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। पार्टी टीवी न्यू़ज चैनलों की बजाय अपने एग्जिट पोल की समीक्षा कर रही है।


BJP में बैठकों का दौर शुरू, अपने एग्जिट पोल की कर रहे हैं समीक्षा

उसी आधार पर चार जून को भाजपा मुख्यालय में जश्न की तैयारी शुरू की जाएगी। सब कुछ ठीक रहा तो आठ या 10 जून को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। खराब मौसम और भयानक गर्मी की आशंका के चलते राष्ट्रपति भवन के प्रांगण के बजाय अंदर अशोका हॉल में शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।

आज लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में 57 सीटों के लिए चुनाव हुआ। 2019 में इन 57 सीटों में से भाजपा को 25, जनता दल (यू) को तीन और अपना दल को दो सीटें मिली थीं। एनडीए को कुल 30 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन को 23 सीटें मिली थीं । इसलिए भाजपा को उम्मीद है कि 2019 का आंकड़ा बढ़कर 40 हो जाएगा, क्योंकि पार्टी को इस बार पंजाब, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुछ सीटें बढ़ने की उम्मीद है। 2019 के आंकड़ों के मुताबिक आखिरी चरण में भाजपा को पंजाब से दो, ओडिशा से दो और पश्चिम बंगाल से एक भी सीट नहीं मिली। पार्टी को उत्तर प्रदेश की 13 सीटों में से 11 सीटें मिली थीं, जबकि बिहार में आठ में से पांच सीटें भाजपा को और तीन जदयू को मिली थीं इसलिए बिहार और उत्तर प्रदेश भाजपा के लिए सैचुरेशन प्वाइंट है, जबकि बंगाल, पंजाब और ओडिशा का मैदान खुला हुआ है।

आज शाम जब विभिन्न टीवी चैनलों पर एग्जिट पोल दिखाई जा रहे हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं की बैठक चल रही है और वह अपने कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और एग्जिट पोल की समीक्षा कर रहे हैं, क्योंकि भाजपा काकार्यकर्ता हर एक बूथ पर उपस्थित था और मतदाताओं का मूड भी भांप रहा था। उनकी बॉडी लैंग्वेज से भी अंदाजा लगा रहा था। भाजपा के पोलिंग एजेंट अपनी सीटों का एग्जिट पोल पार्टी मुख्यालय को भेज रहे हैं और यहां उनका एनालिसिस किया जा रहा है।

कार्यकर्ताओं के एग्जिट पोल के आधार पर ही भाजपा तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाने के प्रति आस्त है। पार्टी को चार जून का इंतजार लोकसभा सीटों के नंबर को लेकर है। पार्टी ने 370 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है। भाजपा का अनुमान है कि पार्टी को कम से कम 356 सीटें जीतेगी। अपने एग्जिट पोल के आधार पर पार्टी दूसरे दलों से भी बातचीत शुरू करेगी, जो घटक एनडीए में शामिल हैं, वह तो साथ हैं ही, पार्टी चाहती है कि गैर-कांग्रेसी सभी दल एनडीए में शामिल हो जाएं इसलिए लोकसभा चुनाव के बाद बीजू जनता दल, अकाली दल, बहुजन समाज पार्टी, अन्नाद्रमुक से भी बातचीत की जाएगी।

भाजपा का तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य बहुत बड़ा है इसलिए पार्टी चाहती है कि भले ही अपने बलबूते सरकार में आ जाए, लेकिन इसमें अन्य दलों को भी साथ लेकर चले, ताकि तीसरी बार बड़े-बड़े निर्णय लिए जा सकें।

प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। उसी हिसाब से आगे की रणनीति बनाई जा रही है। प्रधानमंत्री विवेकानंद रॉक मेमोरियल में दो दिन की साधना कर देर शाम दिल्ली लौट आए। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ चिंतन मनन किया और चुनाव की समीक्षा की। सूत्रों का कहना है कि शुभ दिन की भी तलाश हुई है। आठ जून शनिवार या 11 जून मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है, लेकिन यह सब चार जून के चुनाव परिणाम के बाद तय होगा।

आईएएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment