BRICS: भारत ने ब्रिक्स देशों से किया मानवता को प्रगाढ़ करने वाला सांस्कृतिक तंत्र बनाने का आह्वान

Last Updated 27 May 2025 09:44:05 AM IST

भारत ने सोमवार को ब्रिक्स देशों से न केवल भू-राजनीतिक बल्कि सभ्यतागत रूप से भी नेतृत्व करने तथा एक ऐसी ‘‘सांस्कृतिक व्यवस्था’’ बनाने का आह्वान किया जो विविधता का जश्न मनाए, मानवता को प्रगाढ़ करे तथा साझा मूल्यों को आगे बढ़ाए।


केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ब्राजील में ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की बैठक में यह बात कही। शेखावत ने वहां देश का प्रतिनिधित्व किया।

ब्राजील वर्तमान में इस प्रभावशाली समूह का अध्यक्ष है। केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अपने संबोधन के संबंध में जानकारी दी और कुछ तस्वीरें साझा कीं।

ब्रासीलिया में आयोजित इस बैठक में शेखावत ने ‘‘सांस्कृतिक संपत्ति के अवैध ऑनलाइन व्यापार पर भी चिंता जताई और पुनर्स्थापन पर ब्राजील के ध्यानाकर्षण का स्वागत किया’’।

ब्रिक्स के अन्य सदस्यों में रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, ‘‘ आज ब्राजील में ब्रिक्स संस्कृति मंत्रियों की सभा को संबोधित किया - न्याय, नवाचार और विरासत में निहित सांस्कृतिक सहयोग के लिए भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। 

समावेशी विकास के चालक के रूप में रचनात्मक अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने से लेकर नैतिक एआई, मजबूत डिजिटल सुरक्षा उपायों और स्वदेशी ज्ञान के माध्यम से जलवायु लचीलापन की वकालत करने तक - भारत ने संस्कृति को सतत विकास के केंद्र में रखा है।’’

भारतीय संस्कृति मंत्रालय ने 24 मई को अपने एक बयान में कहा था कि केंद्रीय मंत्री इस मंच पर भारत की "सांस्कृतिक कूटनीति के प्रति स्थायी प्रतिबद्धता", विरासत संरक्षण और लोगों के बीच संपर्क को उजागर करेंगे।

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment