चंद्रयान-3 : चंद्रमा पर साफ्ट लैंडिंग को लेकर इसरो ने कहा- ऑल इस वेल, हो कर रहेगी लैंडिंग

Last Updated 22 Aug 2023 01:52:38 PM IST

अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के प्रयास को 23 अगस्त को तब उल्लेखनीय सफलता मिल जाएगी जब इसका चंद्रयान-3 मिशन चंद्रमा की सतह पर ‘साफ्ट लैंडिंग’ करेगा और इसका कई मंचों पर सीधा प्रसारण किया जाएगा।


इसरो के वैज्ञानिकों का दावा किया है सब कुछ ठीक चल रहा है और चंद्रयान-3 के लैंडिंग में कोई बाधा नहीं है।

चंद्रयान--3 की लैंडिंग अभी तक के तय समय के अनुसार 23 अगस्त की शाम छह बजकर चार मिनट पर होनी है। पूरा देश चंद्रयान-3 को ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ को सफल होते देखना चाहता है। इस महत्वपूर्ण घटनाक्रम का सीधा प्रसारण 23 अगस्त, 2023 को भारतीय समयानुसार शाम 17:27 बजे शुरू किया जाएगा।

‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ का सीधा प्रसारण इसरो की वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, इसरो के फेसबुक पेज और डीडी नेशनल टीवी चैनल सहित कई मंचों पर उपलब्ध होगा। इसरो की तरफ से एक लाइव ट्रैकर भी लॉन्च किया गया है, जिसके जरिए आप देख सकते हैं कि चंद्रयान-3 अंतरिक्ष में इस समय कहां है।

इसरो के वैज्ञानिकों का दावा है कि चाहे कुछ हो जाए लैंडिंग होकर रहेगी। बता दें कि अब तक कोई भी देश चांद के साउथ पोल पर नहीं उतरा है।

इसरो ने कहा, ‘‘चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ एक यादगार क्षण होगी जो न केवल जिज्ञासा को बढ़ाती है, बल्कि हमारे युवाओं के मन में अन्वेषण के लिए जुनून भी जगाती है।

चंद्रयान-3 मिशन पर खगोलशास्त्री, प्रोफेसर डॉ. आर.सी. कपूर ने बताया कि लैंडर और रोवर फिलहाल चंद्रमा के प्री-लैंडिंग कक्षा में चक्कर लगा रहे हैं। इन्हें (लैंडर और रोवर) पिछली बार की स्थिति की जांच करके तैयार किया गया है। एल्गोरिथम को बग-मुक्त बनाया गया है। लैंडर के डिजाइन का एक प्रमुख हिस्सा लेग मैकेनिज्म है, इसे भी मजबूत किया गया है।

 केंद्रीय मंत्री वी. मुरलीधरन कहा कि चंद्रयान -3 मिशन भारत के लिए गर्व का क्षण होगा...भारत उस स्थिति में पहुंच गया है जहां वह चंद्रमा पर अपना उपकरण भेज सकता है...मैं विक्रम को चंद्रमा की सतह पर उतरते देखने का इंतजार कर रहा हूं।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी कहा कि यह देश के लिए बेहद खुशी का पल है कि चंद्रयान-3 कल लैंडिंग करेगा। मैं ईश्वर से इसकी सफल लैंडिंग के लिए प्रार्थना करता हूं। पूरा देश इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

इसरो ने कहा कि इसके आलोक में, देशभर के सभी विद्यालय और शैक्षणिक संस्थानों को छात्रों और शिक्षकों के बीच इस कार्यक्रम को सक्रिय रूप से प्रचारित करने और अपने परिसरों में चंद्रयान-3 की ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ का सीधा प्रसारण करने के लिए आमंत्रित किया जाता है।

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment