खुर्शीद के बाद अब राशिद अल्वी के बयान पर भी विवाद, BJP ने लगाया कांग्रेस के विचारों में जहर घोलने का आरोप
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद की किताब और हिंदुत्व के बारे में उनके विचार को लेकर जारी राजनीतिक विवाद अभी थम भी नहीं पाया था कि कांग्रेस के एक और नेता राशिद अल्वी भी अपने बयान को लेकर भाजपा के निशाने पर आ गए हैं।
![]() |
कांग्रेस के प्रवक्ता रहे राशिद अल्वी ने जय श्री राम का नारा लगाने वालों की तुलना 'राक्षसों' से कर दी है। इस मुद्दे को लेकर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा है। उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राशिद अल्वी ने सम्भल में आयोजित एक सभा में कहा कि जय श्री राम का नारा लगाने वाले मुनि नहीं, बल्कि 'निशिचर' (राक्षस) हैं। सम्भल में कांग्रेस के नेता प्रमोद कष्णम 'कल्कि महोत्सव' का आयोजन करते हैं। महोत्सव के तीसरे दिन पहुंचे कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने मंच से भाजपा को घेरने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। भाजपा नेताओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग जय श्रीराम का नारा लगाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने रामायण का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब लक्ष्मण को तीर लगा तो रावण ने एक राक्षस को हनुमान का रास्ता रोकने के लिए भेज दिया। वह एक जगह बैठकर भगवान श्रीराम के नाम का गुणगान करने लगा। हनुमान जी भी वहां पर रुक गए, लेकिन जब उन्हें सच्चाई का पता चला तो उस राक्षस का वध कर दिया। अब भी कुछ लोग उस राक्षस की तरह ही भगवान श्रीराम का नाम जप रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का नाम बिना स्नान किए नहीं लिया जाना चाहिए, लेकिन आज ऐसा नहीं हो रहा है कुछ लोग बिना स्नान किए ही भगवान का नाम ले रहे हैं। जय श्रीराम का नारा लगाने वाले सभी लोग मुनि नहीं हो सकते।
उनके इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार ने करारा हमला बोला है। उपमुख्यमंत्री डा. दिनेष शर्मा ने कहा कि जय श्रीराम की शक्ति का पता पूरे देश को पता लगा है। जय श्री राम आस्था का विषय उन पर टिप्पणी उचित नहीं है।
प्रदेश के प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि "कांग्रेस पार्टी में यह होड़ मची है कौन कितना ज्यादा हिन्दुओं को अपमानित कर सकता है। कांग्रेस लगातार बहुसंख्यक हिन्दुओं को अपमानित करते हैं। कांग्रेस पार्टी के नेता राहुल गांधी जब मंदिर जाने वाले युवकों को लड़की छेड़ने वाला बताते हो, जब राम कृष्ण को काल्पनिक बताते हो। रामसेतु को तोड़ने के लिए हलफनामा देते हो। रामंदिर बनने में तरह-तरह की बाधा उत्पन्न करते हो। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व जब इस प्रकार की मंशा रखती है तो उनके पार्टी के नेताओं से क्या अपेक्षा की जा सकती है। लेकिन तरह का अपमान कांग्रेस पार्टी को मंहगा पड़ेगा।"
भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने राशिद अल्वी के बयान वाले वीडियो को ट्वीट करते हुए कांग्रेस के विचारों में जहर घुले होने तक का आरोप लगा दिया।
अमित मालवीय ने कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के बयान वाले वीडियो को ट्विटर पर शेयर करते हुए लिखा , सलमान खुर्शीद के बाद अब कांग्रेस के नेता राशिद अल्वी जय श्री राम कहने वालों को निशाचर (राक्षस) बता रहे हैं। राम भक्तों के प्रति कांग्रेस के विचारों में कितना जहर घुला हुआ है।
सलमान ख़ुर्शीद के बाद अब कांग्रेस के नेता राशिद अल्वी जय श्री राम कहने वालों को निशाचर (राक्षस) बता रहे हैं।
— Amit Malviya (@amitmalviya) November 12, 2021
राम भक्तों के प्रति कांग्रेस के विचारों में कितना ज़हर घुला हुआ है। pic.twitter.com/kHG3vXSpDW
आपको बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की किताब ' सनराइज ओवर अयोध्या' में हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन बोको हरम और आईएसआईएस से करने पर देश मे पहले से ही राजनीतिक घमासान मचा हुआ है।
भाजपा ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से हिन्दुओं का अपमान करने वाले नेताओं को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की थी।
सलमान खुर्शीद , पी. चिदंबरम , मणिशंकर अय्यर और शशि थरूर के बयानों का जिक्र करते हुए गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने गांधी परिवार पर तीखा हमला भी बोला था और अब राशिद अल्वी के बयान ने भाजपा को कांग्रेस पर हमला बोलने का एक और बड़ा मुद्दा थमा दिया है। भाजपा , कांग्रेस नेताओं के इन बयानों को बड़ा मुद्दा भी बनाने जा रही है।
| Tweet![]() |