एअर इंडिया का दूसरा विमान वुहान से 323 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंचा

Last Updated 02 Feb 2020 03:52:44 PM IST

एअर इंडिया ने अपनी दूसरी उड़ान में चीन के वुहान शहर से 323 और भारतीयों को बाहर निकाला तथा विमान रविवार सुबह दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंच गया। यह विमान मालदीव के सात लोगों को भी लेकर आया है।


एअर इंडिया का विमान वुहान से दिल्ली पहुंचा

कोरोना वायरस लीड एअर इंडिया एअर इंडिया का दूसरा विमान वुहान से 323 भारतीयों, मालदीव के सात नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले, एअर इंडिया का एक विशेष विमान शनिवार को 324 भारतीयों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा था। उन्हें सेना तथा आईटीबीपी द्वारा बनाए दो केंद्रों में भर्ती किया गया। हालांकि जांच में उनमें से कोई भी कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाया गया।      

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘आज एअर इंडिया की दूसरी उड़ान से 323 भारतीयों के साथ मालदीव के सात नागरिकों को वुहान से लाया गया। हम अपने पड़ोसी का ध्यान अपने से पहले रखते हैं।’’      

चीन में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित वुहान शहर है और वहां 300 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।      

केरल में दो भारतीय जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।      

कोरोना वायरस के चलते इंडिगो ने भारत और चीन के बीच अपनी सभी तीनों उड़ानों को निलंबित कर दिया है। एअर इंडिया ने अपनी दिल्ली-शंघाई उड़ान को निलंबित कर दिया है और दिल्ली-हांगकांग मार्ग पर भी उड़ानें कम कर दी हैं।      

एअर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सुबह नौ बजकर 45 मिनट पर 323 यात्रियों को लेकर दूसरा विशेष विमान दिल्ली हवाईअड्डे पर पहुंचा।’’      

प्रवक्ता ने बताया कि एअर इंडिया की पहली उड़ान में साथ गए राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के पांच डॉक्टर दूसरी उड़ान में भी मौजूद थे।      

एअर इंडिया के पहले विमान से लाए गए 324 लोगों में से 56, 53 और 42 क्रमश: आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल के हैं।   

  

सरकारी एअरलाइन ने संकट की स्थिति में पहले भी लीबिया, इराक, यमन, कुवैत तथा नेपाल जैसे देशों से भारतीयों को बाहर निकाला है।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment