प्रज्ञा के गोडसे बयान पर लोकसभा में हंगामा, कांग्रेस समेत विपक्ष ने किया वॉकआउट

Last Updated 28 Nov 2019 12:01:37 PM IST

भारतीय जनता पार्टी की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर द्वारा नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताये जाने के खिलाफ लोकसभा में गुरुवार को विपक्ष ने हंगामा किया और कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट किया ।


लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला

सदन की कार्यवाही शुरु होते ही कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक और मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन (एमआईएम) के सदस्यों ने प्रज्ञा सिंह ठाकुर के बयान पर हंगामा शुरू कर दिया।

तृणमूल कांग्रेस के सौगत राय और एआईएमआईएम के असादुद्दीन औवैसी ने भी अपनी बात रखने का प्रयास किया।   

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इसकी अनुमति देने से मना करते हुए कहा कि  ठाकुर के बयान को सदन की कार्यवाही से निकाल दिया गया था। उन्होंने कहा कि अगर उनका बयान रिकॉर्ड में नहीं है तो उस पर बहस कैसे हो सकती है।

इसके बाद कांग्रेस, द्रमुक, तृणमूल कांग्रेस, एआईएमआईएम सहित विपक्षी दलों ने सदन से वाकआउट किया । हालांकि बीजद, तेदेपा, टीआरएस, बसपा सदस्य सदन में मौजूद थे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्पष्ट किया कि अगर कोई नाथूराम गोडसे को देशभक्त मानता है तो हमारी पार्टी इसकी निंदा करती है। महात्मा गांधी हमारे लिए आदर्श हैं। वह हमारे मार्गदर्शक थे और आगे भी रहेंगे।

कांग्रेस के अधीर रंजन ने कहा कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने एक पार्टी को आतंकवादी पार्टी कहा था जबकि उस पार्टी से हजारों नेताओं ने देश की आजादी के लिए बलिदान दिया था। यह क्या हो रहा है? क्या सदन इस पर चुप रहेगा? महात्मा गांधी के हत्यारे को देशभक्त कहा जा रहा है।

गौरतलब है कि बुधवार को सदन में एसपीजी विधेयक पर चर्चा के दौरान प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था जिस पर काफी हंगामा हुआ था हालांकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उसी वक्त स्पष्ट कर दिया था कि ठाकुर का बयान लोकसभा की कार्यवाही का हिस्सा नहीं होगा।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment