हरियाणा में 65, महाराष्ट्र में 60% मतदान

Last Updated 22 Oct 2019 04:59:07 AM IST

हरियाणा और महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव के लिए मतदान सोमवार को संपन्न हो गया। शाम छह बजे तक प्राप्त जानकारी के मुताबिक हरियाणा और महाराष्ट्र दोनों ही राज्यों में मतदान में कमी देखी गई।


चरखी दादरी में मतदान के बाद अपनी बहन के साथ पहलवान बबीता फोगाट (दाएं)।

हरियाणा में 2014 के विधानसभा चुनाव में 76.54 प्रतिशत मतदान हुआ था, वहीं इस बार 65 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। यही नहीं, इस साल के लोकसभा चुनाव में भी राज्य के 70.35 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले थे।

महाराष्ट्र में 288 सीटों के लिए सोमवार को हुए विधान सभा चुनाव में 60.5 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2014 के राज्य विधान सभा चुनाव में हुए 63.08 प्रतिशत मतदान से कम ही है। महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों में ज्यादा मतदान हुए, जहां मतदाताओं ने शहरी वोटर की तुलना में ज्यादा उत्साह दिखाया। यहां 2019 के लोकसभा चुनाव में 60.79 प्रतिशत मतदान हुआ था।

मतदान की समय सीमा खत्म होने के बाद वरिष्ठ उपचुनाव आयुक्त उमेश सिन्हा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि दोनों राज्यों में मतदान केन्द्रों पर शाम छह बजे के बाद भी मतदाताओं की मौजूदगी को देखते हुए मतदान का प्रतिशत बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र में नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली और गोंदिया विधान सभा क्षेत्रों में मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि हरियाणा विधान सभा चुनाव के लिए भी मतदान शांतिपूर्ण रहा। हरियाणा और महाराष्ट्र दोनों ही राज्यों में सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रारंभ हुआ और शाम छह बजे समाप्त हुआ।

हरियाणा में 90 विधान सभा सीटों के लिए 105 महिलाओं समेत 1169 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व में भाजपा हरियाणा में सत्ता वापसी की कोशिश में लगी है और उसने इस बार 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।
 

सहारा न्यूज ब्यूरो/एजेंसियां
नई दिल्ली/चंडीगढ़/मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment