मुंबई हर साल बारिश में होती है बेहाल, स्थायी समाधान निकाले सरकार: राकांपा

Last Updated 03 Jul 2019 01:26:05 PM IST

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मूसलाधार बारिश की वजह से उत्पन्न अव्यवस्था का मुद्दा बुधवार को राज्यसभा में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के एक सदस्य ने उठाया और हर साल खड़ी होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान निकाले जाने की मांग की।


राकांपा के माजिद मेनन ने यह मुद्दा शून्यकाल में उठाते हुए कहा, ‘‘देश भर में सबसे ज्यादा कर सरकार को देने वाले मुंबई महानगर के हालात आज बेहद दयनीय हैं। यह स्थिति तब है जब बृहनमुंबई नगर निगम का साल 2019 के लिए बजट 30,000 करोड़ रूपये है।’’    

उन्होंने कहा, ‘‘केंद्र सरकार इसे स्थानीय मुद्दा कह सकती है। लेकिन राष्ट्रीय टीवी चैनल पर जो दिखाया जा रहा है, उसे देख कर आंखें बंद नहीं की जा सकतीं। जगह जगह पानी भरा हुआ है और अगर आपके पास नौका नहीं है तो आप घर से कहीं जा नहीं सकते। खबरे हैं कि महानायक अमिताभ बच्चन कल घर से बाहर नहीं निकल पाए।’’    

मेनन ने कहा, ‘‘वर्षाजनित कारणों के चलते 27 लोगों की जान जा चुकी है। इन 27 लोगों की मौत के लिए कौन जिम्मेदार है?’’    

उन्होंने कहा कि मुंबई को हर साल इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ता है। यह सिलसिला कब तक चलेगा?    

मेनन ने सरकार से इस समस्या का ठोस समाधान निकालने की मांग की। विभिन्न दलों के सदस्यों ने उनके इस मुद्दे से स्वयं को संबद्ध किया।

भाषा
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment