रूस ने शुक्रवार को मारियुपोल पर कब्जा करने का दावा किया, जो युद्ध में उसकी अब तक की सबसे बड़ी जीत हो सकती है।
 |
करीब तीन महीने तक रूसी सैनिकों की घेराबंदी में रहा यह बंदरगाह शहर अब मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है और यहां 20,000 से अधिक नागरिकों के मारे जाने की आशंका है।
रूस के रक्षा मंत्री सर्गेइ शोइगु ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को मारियुपोल में अजोवस्तल इस्पात संयंत्र और पूरे शहर की ‘‘पूरी तरह मुक्ति’’ की जानकारी दी। यह इस्पात संयंत्र यूक्रेनी प्रतिरोध का प्रतीक बन गया था।
अभी यूक्रेन ने इसकी कोई पुष्टि नहीं की है।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती ने मंत्रालय के हवाले से कहा कि सोमवार से लेकर अब तक संयंत्र में छिपे कुल 2,439 यूक्रेनी लड़ाकों ने आत्मसमर्पण कर दिया है, जिनमें से 500 से अधिक लड़ाकों ने शुक्रवार को आत्मसमर्पण किया।
आत्मसमर्पण करने पर सैनिकों को रूस ने बंदी बना लिया और कुछ को दूरस्थ स्थानों पर ले जाया गया। कुछ अन्य लोग अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे हैं।
रूसी प्राधिकारियों ने इस्पात संयंत्र में छिपे कुछ लड़ाकों को ‘‘नाजी’’ तथा अपराधी बताते हुए उन पर युद्ध अपराध के लिए मुकदमा चलाने की धमकी दी है।
मारियुपोल पर पूरी तरह कब्जा जमाने से पुतिन को युद्ध में एक अदद जीत मिल गयी है, जिसकी 24 फरवरी को यह लड़ाई शुरू होने के बाद उन्हें दरकार थी।
सैन्य विश्लेषकों का कहना है कि मारियुपोल को कब्जे में लेना इस वक्त सांकेतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है।
शुक्रवार को अन्य घटनाक्रम में पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को अरबों रुपये की और वित्तीय सहायता दी तथा डोनबास में लड़ाई तेज हो गयी है।
यूक्रेनी प्राधिकारियों ने बताया कि रूसी सेना ने लुहांस्क क्षेत्र में एक अहम शहर पर हमले किए तथा एक मुख्य राजमार्ग पर बम बरसाए। एक स्कूल पर भी हमला किया गया। यह क्षेत्र डोनबास का ही हिस्सा है।
युद्ध क्षेत्रों को साफ करने में लग सकते हैं 5 से 7 साल : यूक्रेन
रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष जारी है। इस बीच यूक्रेन में कई क्षेत्रों में युद्ध के अवशेषों को हटाने का काम चल रहा है। इसको लेकर इंटरफैक्स-यूक्रेन समाचार एजेंसी ने यूक्रेन के एक वरिष्ठ अधिकारी का हवाला देते हुए कहा कि क्षेत्रों को साफ करने के काम में पांच से सात साल लग सकते हैं। यूक्रेन की उप आंतरिक मंत्री मैरी अकोपियन ने शुक्रवार को यूक्रेन अंतर्राष्ट्रीय समन्वय केंद्र की पहली बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि लगभग 300,000 वर्ग मीटर यूक्रेनी क्षेत्र पर युद्ध के अवशेष फैले हुए हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, अकोपियन ने कहा कि यूक्रेन अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर डिमाइनिंग से अपने क्षेत्र को साफ करने की प्रक्रिया को और काम कर रहा है।
इस बीच, यूक्रेनी राष्ट्रपति कार्यालय के उप प्रमुख इहोर झोव्कवा ने बैठक में कहा कि यूक्रेन को उम्मीद है कि इस प्रक्रिया में फ्रांस, कनाडा, फिनलैंड, स्विट्जरलैंड, स्वीडन, चेक गणराज्य और अन्य देश उनकी मदद करेंगे।
| | भाषा/आईएएनएस | कीव/पोक्रोव्स्क (यूक्रेन) |
|
 |