डोभाल ने लिया समुद्री सुरक्षा पर त्रिपक्षीय वार्ता में हिस्सा

Last Updated 29 Nov 2020 06:42:03 AM IST

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने शनिवार को यहां भारत, श्रीलंका और मालदीव के बीच समुद्री सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय त्रिपक्षीय वार्ता में हिस्सा लिया।


राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल

श्रीलंका, भारत और मालदीव के साथ समुद्री सुरक्षा सहयोग पर चौथी त्रिपक्षीय बैठक का आयोजन कर रहा है। छह साल बाद यह बैठक हो रही है। इससे पहले यह बैठक 2014 में नई दिल्ली में हुई थी।
कोलंबो में भारतीय उच्चायोग ने बताया, डोभाल और श्रीलंका के रक्षा सचिव मेजर (सेवानिवृत्त) कमल गुणारत्ने एवं मालदीव की रक्षामंत्री मारिया दीदी द्वारा त्रिपक्षीय बैठक में हुई चर्चा के ब्योरे पर हस्ताक्षर करके औपचारिक रूप दिया गया। श्रीलंकाई विदेश मंत्रालय ने बैठक की विस्तृत जानकारी दिए बगैर ट्वीट किया कि श्रीलंका के विदेशमंत्री दिनेश गुणावर्धने ने मुख्य अतिथि के रूप में बैठक को संबोधित किया। विदेश सचिव एडमिरल प्रो. जयनाथ कोलंबेज ने भी बैठक में हिस्सा लिया। यह बैठक हिंद प्रशांत क्षेत्र और हिंद महासागर में अपने प्रभाव को बढ़ाने के चीन के प्रयासों के बीच हुई। श्रीलंकाई सेना ने बृहस्पतिवार को बताया था कि बैठक में बांग्लादेश, मॉरीशस और सेशल्स के पर्यवेक्षक भी रहेंगे।

डोभाल शुक्रवार को कोलंबो पहुंचे, जहां उन्होंने मालदीव की रक्षामंत्री मारिया दीदी से मुलाकात की थी और हिंद महासागर में प्रमुख द्वीपीय देश के साथ द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने पर सौहार्दपूर्ण और विस्तृत चर्चा की थी। डोभाल ने श्रीलंका के रक्षा सचिव गुणारत्ने से भी मुलाकात की थी और वे दोनों देशों के बीच ‘मूल्यवान’ सहयोग को और बढ़ाने के लिए कई कदमों पर सहमत हुए थे। हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा पर समन्वित कार्रवाई, राहत और बचाव अभियान का प्रशिक्षण, समुद्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कदम उठाने, सूचनाएं साझा करने, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने जैसे विषयों पर त्रिपक्षीय बैठक में चर्चा होने की संभावना है।

भाषा
कोलंबो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment