'रामायण' के बाद दीपिका आखिरी बार संजय खान के धारावाहिक 'द सोर्ड ऑफ टीपू सुल्तान' में नजर आई थीं।
 |
रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक 'रामायण' में सीता की भूमिका निभाकर घर-घर लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया एक बार फिर नज़र आएंगी। 33 साल के बाद दीपिका की छोटे पर्दे पर वापसी धारावाहिक 'धरतीपुत्र नंदिनी' से हो रही है। उन्होंने बताया कि यह धारावाहिक रामायण के किरदार से प्रेरित है, जिसे आज के परिवेश में पेश किया गया है। दीपिका चिखलिया इस धारावाहिक में न सिर्फ अभिनय कर रही है, बल्कि इस धारावाहिक का निर्माण भी खुद ही किया है।
धारावाहिक 'धरतीपुत्र नंदिनी' एक पारिवारिक कहानी है। दीपिका कहती हैं, 'मेरी पहचान रामायण की सीता के रूप में है। इसलिए मेरे धारावाहिक 'धरतीपुत्र नंदिनी' की कहानी की शुरुआत भी अयोध्या से होती है। इस सीरियल की शूटिंग भी अयोध्या में हुई थी। जिस तरह से रामायण में कैकई, मंथरा और रावण जैसे किरदार थे, वैसे ही किरदार इस धारावाहिक में भी आज के परिवेश में देखने को मिलेंगे। यह धारावाहिक हमारे देश की मिट्टी से जुड़ा है। इसमें पारिवारिक मूल्य, हमारे संस्कार देखने को दर्शाया गया है। साथ ही इस धारावाहिक में दहेज जैसे अहम मुद्दे पर सवाल उठाया गया है।'
धरतीपुत्र नंदिनी के जरिए दीपिका ने प्रोडक्शन के क्षेत्र में कदम रखा है। वह कहती हैं, 'यह प्रोजेक्ट मेरे लिए बहुत महत्व रखता है। यह न केवल एक निर्माता के रूप में मेरी शुरुआत है, बल्कि इस शो से छोटे पर्दे पर मेरी वापसी भी हो रही है। इस धारावाहिक में मैं एक आधुनिक सोच रखने वाली महिला सुमित्रा की भूमिका निभाती हूं, जो घर और व्यवसाय दोनों को शिष्टता के साथ संभालती है।'
इस धारावाहिक की कहानी मुख्य रूप से तीन पात्रों सुमित्रा देवी, नंदिनी और आकाश के इर्द-गिर्द घूमती हैं। धारावाहिक में नंदिनी की भूमिका निभा रहीं शगुन सिंह ने कहा, 'यह शो मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बहुत महत्व रखता है। नंदिनी का ऐसा किरदार है ,जो अन्याय के खिलाफ लड़ती है और धरती मैया के प्रति उसकी गहरी श्रद्धा है।' आकाश की भूमिका निभा रहे अमन जयसवाल कहते हैं, 'आकाश का किरदार ऐसा है, जो विदेश में शिक्षा प्राप्त करने के बाद भी अपनी जड़ों से जुड़ा हुआ है। वह अपने परिवार को एकजुट रखने के लिए प्रतिबद्ध है।'
'रामायण' के बाद दीपिका आखिरी बार संजय खान के धारावाहिक 'द सोर्ड ऑफ टीपू सुल्तान' में नजर आई थीं।
| | |
 |