भारत का जलवा

Last Updated 10 Aug 2022 12:19:43 PM IST

भारतीय खिलाड़ियों ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन करके देश में खुशी की लहर दौड़ा दी है।


भारत का जलवा

भारत ने 22 स्वर्ण, 16 रजत पदक सहित कुल 61 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। भारत आखिरी से पहले दिन तक न्यूजीलैंड से पिछड़कर पांचवें स्थान पर चल रहा था, लेकिन आखिरी दिन शटलर पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन, सात्विक साइराज और चिराग शेट्टी के अलावा पैडलर अचिंत शरत कमल के स्वर्ण पदकों ने भारत को कीवी बाधा पार करते हुए चौथे स्थान पर पहुंचा दिया। वैसे तो भारत 2010 में दूसरे और 2018 में तीसरे स्थान पर रह चुका है।

2010 में इन गेम्स में 101 पदक जीतना इसलिए भी बनता था कि यह खेल घर में हुए थे। वहीं चार साल पहले गोल्ड कोस्ट में 66 पदकों के मुकाबले इस बार 61 पदक जीतने को इसलिए बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है कि इस बार भारत का पसंदीदा खेल शूटिंग शामिल ही नहीं किया गया। पिछले खेलों में भारत ने शूटिंग में सात स्वर्ण सहित 16 पदक जीते थे। इसलिए बिना शूटिंग ने 61 पदकों तक पहुंचने को उपलब्धि माना जा सकता है। भारत वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, मुक्केबाजी में हमेशा ही अच्छा प्रदर्शन करता रहा है, लेकिन इस बार एथलेटिक्स में सफल प्रदर्शन ने कहीं ज्यादा खुशी दी है। नीरज चोपड़ा ने टोक्यो ओलंपिक में जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर एथलीटों में नया उत्साह भरने का काम किया है और इन खेलों में इस उत्साह का फायदा मिलता दिखा है।

इसमें एल्डिस पॉल ने तिकड़ी कूद में स्वर्ण जीतकर सभी को हैरत में डाला। वहीं मुरली श्रीशंकर का लंबी कूद में और अविनाश साबले के 3000 मीटर स्टीपल चेज में जीते रजत पदक का महत्व किसी भी स्वर्ण से कम नहीं है, क्योंकि कॉमनवेल्थ गेम्स की एथलेटिक्स का स्तर बहुत ऊंचा है। भारत ने कुछ गिने-चुने खेलों के बजाय ज्यादा खेलों में सफलता पाकर अपनी खेलों में प्रगति का संकेत दिया है।

अब लॉन बॉल्स को ही लें, यह बहुत ही कम खेली जाने वाला खेल है पर महिला टीम ने स्वर्ण और पुरुष टीम ने रजत पदक जीतकर अपना जज्बा दिखाया है। हॉकी में पुरुष टीम ने रजत और महिला टीम ने कांस्य जीता। पुरुष हॉकी टीम का फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से बुरी तरह हारकर अभियान खत्म करने से मन जरूर खट्टा हुआ पर पिछली बार खाली हाथ लौटी टीम का रजत पदक जीतना भी बड़ी उपलब्धि है। इस प्रदर्शन से यह तो साफ है कि देश में अब खेल कल्चर का रूप ले रहा है।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment