विवाह और अन्य आमंत्रण के साथ सिंहस्थ का भी निमंत्रण दे रहे लोग
मध्य प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में अगले वर्ष अप्रैल में होने वाले सिंहस्थ महापर्व में शामिल होने के लिए लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है जिससे अधिक से अधिक लोग सिंहस्थ में शामिल हो सके और मोक्षदायिनी क्षिप्रा में स्नान का लाभ उठा सके.
(फाइल फोटो) |
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जहां एक ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अन्य राज्यों और विदेशों में सिंहस्थ में आने का न्यौता दे रहे हैं, वहीं स्थानीय जनता भी इसमें पीछे नहीं है.
आगामी माहों में होने वाले विवाह का आयोजन में वे न सिर्फ अपने सुपुत्र और पुत्रियों के विवाह में आने का न्यौता दे रहे हैं, बल्कि बाकायदा मोक्षदायिनी शिप्रा में स्नान करने और सिंहस्थ में आने का न्यौता भी दे रहे हैं.
शहरवासी विवाह के आयोजन की पत्रिका कई स्थानों के साथ-साथ दिल्ली, मुम्बई, अहमदाबाद, कोलकाता, चैन्नई जैसे महानगर सहित छोटे बड़े शहरों आदि स्थानों पर भेज रहे हैं.
विवाह की पत्रिका में सिंहस्थ के दौरान स्नान की तिथियां भी प्रकाशित कराई गई हैं और रिश्तेदारों को सिंहस्थ-2016 में पधारने का विशेष आमंत्रण दिया गया है.
Tweet |