भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत
उत्तर भारत में भीषण गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। दिल्ली में सोमवार को गर्मी से लोगों के पसीने छूट गए और पारा पहली बार 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
![]() भीषण गर्मी की चपेट में उत्तर भारत |
उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान 49 डिग्री के पार तो राजस्थान के चूरू में 50 के पार और धौलपुर में 50 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली के पालम इलाके में स्थित मौसम निरीक्षण केंद्र पर अधिकतम तापमान आज 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि यह पालम में अब तक दर्ज सर्वाधिक तापमान है। जून महीने का पिछला रिकॉर्ड 09 जून 2014 को 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा था। पालम में सोमवार न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है।
वहीं, सफदरजंग मौसम केंद्र पर भी अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। सफदरजंग केंद्र पर कम से कम 11 साल का रिकॉर्ड टूटा है। वर्ष 2009 से अब तक जून महीने में इतना अधिक तापमान नहीं दर्ज किया गया था। यहां न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री कम है।
बांदा में पारा 49 डिग्री के पार : उत्तर प्रदेश भी भीषण गर्मी चपेट में है। राज्य में सबसे गर्म स्थान बांदा रहा जहां अधिकतम तापमान 49. 02 डिग्री सेल्सियस रहा जो संभवत: अब तक का रिकॉर्ड तापमान है। झांसी में 48.01 डिग्री, वाराणसी (एपी) में 46.04 डिग्री, वाराणसी (बीएचयू) 45.09 रहा है। इलाहाबाद में 48. 09 डिग्री जो सामान्य से नौ डिग्री अधिक है। लखनऊ में 42. 08 डिग्री तापमान रहा।
पंजाब और हरियाणा में भी कई जगहों पर पारा 45 के पार रहा। दोनों राज्यों में सबसे गर्म रहा नारनौल, जहां पारा 48.3 डिग्री सेल्सियस रहा। भिवानी और हिसार में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8 और 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चूरू सबसे गर्म रहा
राजस्थान में गर्मी का कहर जारी है। सोमवार को जहां धौलपुर में 50 डिग्री तो चुरू में पारा 50 डिग्री को पार करते हुए 50.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में अगले पांच दिन बृहस्पतिवार तक भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। लू से प्रदेश में एक ही दिन में 5 लोगों की मौत हो गई। इस माह प्रदेश में गर्मी से अब तक 21 लोग दम तोड़ चुके हैं।
| Tweet![]() |