'जनता को नहीं चाहिए भ्रष्ट कांग्रेस,सांप्रदायिक भाजपा'

भ्रष्ट कांग्रेस और सांप्रदायिक भाजपा दोनों को जनता नकार देगी: अखिलेश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रांची में कहा कि तीसरे मोर्चे की सरकार केंद्र में बनने की प्रबल संभावना है. यादव ने कहा कि कांग्रेस ने देश को अपने भ्रष्टाचार से बर्बाद कर दिया है जिसे देखते हुए देश की जनता आगामी लोकसभा चुनावों में जहां सांप्रदायिक भाजपा को सत्तासीन नहीं होने देगी वहीं कांग्रेस को भी बाहर का रास्ता दिखायेगी जिससे तीसरे मोर्चे की सरकार बनने की संभावना है. यादव ने झारखंड के समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर अभूतपूर्व भ्रष्टाचार के जरिये देश को बर्बाद करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षो में जिस प्रकार का भ्रष्टाचार कांग्रेस ने देश में किया है वैसा कभी देखा नहीं गया. उन्होंने कहा कि इस तरह की स्थिति में विश्व बिरादरी में भारत का नाम भी नीचा हुआ है. अखिलेश ने कहा, ‘‘हमारे देश के प्रधानमंत्री स्वयं अर्थशास्त्री हैं और यहां अनेक बड़े और पढ़े लिखे मंत्री हैं लेकिन आखिर क्या कारण है कि ये सभी मिलकर महंगाई रोक नहीं पा रहे हैं?’’

 
 
Don't Miss