वीवो से करार निलंबन वित्तीय संकट नहीं : गांगुली

Last Updated 10 Aug 2020 02:29:29 AM IST

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष सौरव गांगुली ने चीनी मोबाइल कंपनी वीवो के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टाइटल प्रायोजन करार के निलंबित होने को महज एक झटका करार दिया और उन चर्चाओं को खारिज किया कि इससे ‘वित्तीय संकट’ उत्पन्न हो सकता है।


भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) अध्यक्ष सौरव गांगुली

बीसीसीआई और वीवो ने भारत और चीन की सीमा पर हुई सैनिकों की भिड़ंत के कारण चीनी उत्पादों के बहिष्कार करने की बातों के चलते बीते बृहस्पतिवार को 2020 आईपीएल के लिए अपनी भागीदारी निलंबित करने का फैसला किया जो 19 सितम्बर से संयुक्त अरब अमीरात में हो रही है।
टाइटल प्रायोजन आईपीएल के व्यवसायिक राजस्व का अहम हिस्सा है जिसका आधा भाग सभी आठों फ्रेंचाइजी में बराबर बराबर बांटा जाता है। वीवो ने 2018 से 2022 तक पांच साल के लिए 2190 करोड़ रुपए में (प्रत्येक वर्ष 440 करोड़ रुपए) आईपीएल टाइटल प्रायोजन अधिकार हासिल किए थे। गांगुली ने कहा, ‘मैं इसे वित्तीय संकट नहीं कहूंगा। यह महज छोटा सा झटका है।’ उन्होंने कहा, ‘बीसीसीआई बहुत मजबूत संस्था है। बीते समय में खेल, खिलाड़ियों, प्रबंधकों ने इस खेल को इतना मजबूत बना दिया है कि बीसीसीआई इन सभी झटकों से निपटने में सक्षम है।’

पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘आप अपने अन्य विकल्प खुले रखते हो। यह इसी तरह है जैसे पहली योजना और दूसरी योजना। समझदार लोग ऐसा करते हैं। समझदार ब्रांड ऐसा करते हैं। समझदार कॉरपोरेट ऐसा करते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘आप इसे एक ही तरीके से कर सकते हो कि आप कुछ समय के बाद पेशेवर रूप से मजबूत हो जाओ। बड़ी चीजें रातों रात हासिल नहीं की जातीं। और बड़ी चीजें रातों रात नहीं चली जातीं। लंबे समय के लिए आपकी तैयारियां आपको नुकसान के लिए तैयार रखती हैं और आपको सफलता के लिये तैयार रखती हैं।’
गांगुली ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के शुक्रवार को भारत को 2021 पुरुष टी-20 विश्व कप के मेजबान बरकरार रखने के फैसले के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा, ‘भारत को 2021 और 2023 विश्व कप की मेजबानी अधिकार दिए गए थे इसलिए इसमें बड़ा बदलाव नहीं हुआ। हां, कोविड-19 ने सभी को सतर्क रखा, लेकिन यह ऐसा ही है।’

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment