Samay Live
07 Feb 2012 08:56:49 AM IST
Last Updated : 07 Feb 2012 12:26:22 PM IST

पाकिस्तान ने इंग्लैंड की बादशाहत तोड़ी

पाकिस्तानी टीम ट्रॉफी के साथ
पाकिस्तानी टीम ट्रॉफी के साथ फोटो खिंचवाती हुई.

पाकिस्तान ने दुबई में खेले गए तीसरे और अंतिम टेस्ट मैच में इंग्लैंड को हराकर एक रिकॉर्ड बना दिया.

पाकिस्तान ने पहली बार इंग्लैंड को किसी टेस्ट सिरीज के सारे मैचों में शिकस्त दी है.

तेज गेंदबाज उमर गुल और ऑफ स्पिनर सईद अजमल की उम्दा गेंदबाजी के दम पर पाकिस्तान ने तीसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट में सोमवार को यहां चौथे दिन इंग्लैंड को 71 रन से हराकर 3-0 से क्लीन स्वीप किया.

गुल और अजमल दोनों ने चार-चार विकेट लिए जिससे 324 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड की टीम 252 रन पर सिमट गई.

मोंटी पनेसर के पगबाधा आउट होने के साथ पाकिस्तानी खिलाड़ी झूमने लगे थे. अंपायर ने हालांकि इसके लिए तीसरे अंपायर की मदद मांगी थी लेकिन पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया था.

यह पहला अवसर है जबकि पाकिस्तान ने इंग्लैंड को सीरीज के सभी मैच में हराकर व्हाइटवाश किया. पाकिस्तान ने कुल पांचवीं बार किसी सीरीज में क्लीनस्वीप किया. आखिरी बार उसने 2003 में बांग्लादेश के खिलाफ 3-0 से क्लीनस्वीप किया था.

पाकिस्तान ने पहला टेस्ट मैच दस विकेट से और दूसरा 72 रन से जीता था. अब इन दोनों टीमों के बीच चार वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेली जाएगी.

पिछले साल भारत को अपनी सरजमीं पर 4-0 से हराकर दुनिया की नंबर एक टेस्ट टीम बनी इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने इस पूरी सीरीज में स्पिन गेंदबाजों के सामने लचर प्रदर्शन किया. उसकी तरफ से  विकेटकीपर बल्लेबाज मैट प्रायर को छोड़कर कोई भी अन्य बल्लेबाज डटकर गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाया. प्रायर 49 रन बनाकर नाबाद रहे. उनके अलावा एलिस्टेयर कुक ने चार घंटे क्रीज पर बिताकर 49 रन बनाए.

पाकिस्तानी क्षेत्ररक्षकों ने सुबह इंग्लैंड के बल्लेबाजों को जीवनदान भी दिए लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा पाए. अब्दुर रहमान ने इंग्लैंड के कप्तान एंड्रयू स्ट्रॉस (26) को पगबाधा आउट किया जबकि अजमल ने ट्रॉट (18) को आउट करके कुक के साथ खतरनाक दिख रही उनकी साझेदारी को तोड़ा.

लंच के समय इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 49 रन था तथा कुक और पीटरसन (18) क्रीज पर थे लेकिन उसने 84 रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए. पीटरसन ने रहमान पर चौका और छक्का जड़कर इंग्लैंड का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया लेकिन अजमल ने दूसरे छोर से उम्दा गेंदबाजी की.

अजमल ने पीटरसन को आउट किया जो सीरीज में केवल 67 रन बना पाए और इस दौरान पांच बार स्पिनरों के सामने आउट हुए.


 

Tools: Print Print Email Email

टिप्पणियां (0 भेज दिया):
टिप्पणी भेजें टिप्पणी भेजें
आपका नाम :
आपका ईमेल पता :
वेबसाइट का नाम :
अपनी टिप्पणियां जोड़ें :
निम्नलिखित कोड को इन्टर करें:
चित्र Code
कोड :


 

 

Facebook

Twitter

Youtube

RSS

Spacer