Samay Live
04 Feb 2012 02:54:48 PM IST
Last Updated : 04 Feb 2012 04:05:29 PM IST

आईपीएल-5 की नीलामी में जडेजा सबसे महंगे बिके

रवींद्र जडेजा (फाइल फोटो)
आईपीएल सीजन पांच के लिए नीलामी

 

आईपीएल-5 के लिए शनिवार को खिलाड़ियों की हुई नीलामी में हरफनमौला खिलाड़ी रवींद्र जडेजा सबसे महंगे रहे.

जडेजा को महेंद्र सिंह धौनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स टीम ने 20 लाख डॉलर में खरीदा. श्रीलंका के अनुभवी बल्लेबाज माहेला जयवर्धने को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 14 लाख डॉलर में खरीदा जबकि रुद्र प्रताप सिंह छह लाख डॉलर में मुम्बई इंडियंस के हुए.

शुक्रवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ ट्वेंटी-20 मुकाबले में मैन ऑफ द मैच रहे जडेजा को अपने साथ जोड़ने के लिए कई फ्रेंचाइजी टीमों के बीच होड़ देखने को मिली.


डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद के साथ टाई होने के बाद जडेजा सुपर किंग्स के खाते में गए. पिछले वर्ष केरल टस्कर्स फ्रेंचाइजी ने जडेजा को 9,50,000 डॉलर में खरीदा था. ऐसी उम्मीद थी कि जडेजा को कम से कम 12 लाख डॉलर मिल जाएंगे लेकिन सुपर किंग्स ने उन्हें उम्मीद से अधिक दे दिया.

इसके अलावा न्यूजीलैंड के विकेट कीपर बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्लम को कोलकाता नाइट राइडर्स ने नौ लाख डॉलर में खरीदा. मैक्लम पिछले वर्ष टस्कर्स की ओर से खेले थे. आईपीएल में मैक्लम कोलकाता के लिए खेल चुके हैं.

महान स्पिनर श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन को रॉयल चैलेंजर्स बैगलोर ने 2,20,000 डॉलर में जबकि अनुभवी बल्लेबाज माहेला जयवर्धने को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 14 लाख डॉलर में खरीदा.

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज हर्शल गिब्स को मुम्बई इंडियंस ने 50 हजार डॉलर में जबकि आस्ट्रेलिया के ब्रैड हॉज को चार लाख 75 हजार डॉलर में राजस्थान रॉयल्स ने खरीदा.

भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज पार्थिव पटेल को डेक्कन चार्जर्स ने छह लाख 50 हजार डॉलर में जबकि श्रीलंका के दिनेश चांदीमल को राजस्थान रॉयल्स ने 50 हजार डॉलर में अपने साथ लिया है.

वेस्टइंडीज के खिलाड़ी आंद्रे रसेल को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 450,000 डॉलर में अपने साथ जोड़ा. रसेस की आधार कीमत 50,000 डॉलर थी. आस्ट्रेलियाई गेंदबाज मिशेल जानसन अपनी आधार कीमत 300,000 डॉलर पर मुम्बई इंडियंस के साथ जुड़े.

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज रुद्र प्रताप सिंह को मुम्बई इंडियंस ने छह लाख डॉलर में अपने साथ किया. सिंह की आधार कीमत 200,000 डॉलर थी. विनय कुमार अपनी आधार कीमत 100,000 डॉलर में रॉयल चैलेंजर्स के साथ बने रहे.

तेज गेंदबाज शांताकुमारन श्रीसंत को राजस्थान रॉयल्स ने उनकी आधार कीमत 400,000 डॉलर पर अपने साथ जोड़ा. मुम्बई के स्पिनर रोमेश पवार को किंग्स इलेवन पंजाब ने 160,000 डॉलर में खरीदा.

पवार की आधार कीमत 1,00,000 डॉलर थी. आस्ट्रेलिया के 40 वर्षीय हरफनमौला खिलाड़ी ब्रैड हॉग को राजस्थान रायल्स उनकी आधार कीमत 1,00,000 डॉलर से अधिक देते हुए 1,80,000 डॉलर पर अपने साथ किया.

वेस्टइंडीज के स्पिनर सुनील नारायण के लिए कोलकाता नाइट राइर्ड्स ने सात लाख डॉलर की कीमत लगाई, जो उनकी आधार कीमत 50,000 डॉलर से काफी अधिक है. रोबिन पीटरसन को मुम्बई इंडियंस ने 1,00,000 डॉलर में अपने साथ किया.

इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन, मैट प्रायर, इयन बेल, रवि बोपारा, ग्रीम स्वान व ओवैश शाह, वेस्टइंडीज के एड्रियान बाराथ, डेरेन ब्रावो और राम नरेश सरवन, बांग्लादेश के तमीम इकबाल, श्रीलंका के उपुल थरंगा व असंथा मेंडिस, दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर व जस्टिन कैंप, वेस्टइंडीज के मार्लन सैमुएल्स, आस्ट्रेलिया के पीटर सिडल, वेस्टइंडीज के रवि रामपाल को कोई खरीददार नहीं मिला.

भारत के वी.वी. एस. लक्ष्मण भी किसी भी टीम के पसंदीदा नहीं बन पाए. इसके अलावा भारतीय गेंदबाज वीआरवी सिंह को भी कोई खराददार नहीं मिला. उल्लेखनीय है कि केरल टस्कर्स टीम को भंग किए जाने के बाद पांचवें संस्करण में नौ टीमें हिस्सा लेंगी.

 

Tools: Print Print Email Email

टिप्पणियां (0 भेज दिया):
टिप्पणी भेजें टिप्पणी भेजें
आपका नाम :
आपका ईमेल पता :
वेबसाइट का नाम :
अपनी टिप्पणियां जोड़ें :
निम्नलिखित कोड को इन्टर करें:
चित्र Code
कोड :


 

 

Facebook

Twitter

Youtube

RSS

Spacer