आईटीसी रायल गार्डेनिया में होने वाली नीलामी में खिलाड़ियों को खरीदने के लिए प्रत्येक टीम को 20 लाख डॉलर की अतिरिक्त राशि खर्च करने की अनुमति दी गई है.
प्रत्येक टीम में खिलाड़ियों की संख्या भी 30 से बढ़ाकर 33 कर दी गई है. नीलामी में 20 से 30 खिलाड़ियों के ही खरीदे जाने की संभावना है.
बोली में नौ फ्रेचाइजी हिस्सा लेंगी. कोच्चि की टीम बोली में हिस्सा नहीं लेगी. कोच्चि के खिलाड़ियों पर भी कई टीमें बोली लगाएंगी.
भारतीय आलराउंडर रविंद्र जडेजा पर सबकी नजरें रहेंगी. आज होने वाली बोली के वह स्टार हो सकते हैं.
जडेजा के हरफनमौला प्रतिभा को देखते हुए कई टीमें उन्हें अपने खिलाड़ियों के रोस्टर में शामिल करना चाहेंगी. ऐसे में उनकी बोली काफी ऊंची जा सकती हैं. हो सकता है कि वह सबसे महंगे खिलाड़ी साबित हो.
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ी आईपीएल-5 में आधे सीजन के लिए ही उपलब्ध रहेंगे, जिससे उन पर कम पैसा लगने की संभावना है.
बोली लगने के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के विजय माल्या ख़ुद मौजूद रहेंगे.
नीलामी में शामिल खिलाड़ी:
भारतीय टेस्ट बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण, तेज गेंदबाज एस श्रीसंत और हरफनमौला रविंदर जडेजा आरपी सिंह, पार्थिव पटेल, रमेश पोवार, आर विनय कुमार और वीआरवी सिंह के लिए भी बोली लगेगी.
ऑस्ट्रेलिया के 16 खिलाड़ियों में ब्रैड हॉग, मिशेल जानसन, पीटर सिडल, उस्मान ख्वाजा, ल्यूक रोंची बिकने वाले खिलाड़ियों में उपलब्ध रहेंगे.
इंग्लैंड के 13 खिलाड़ियों की नीलामी होगी जिनमें जेम्स एंडरसन, इयान बेल, ओवैस शाह, रवि बोपारा, ग्रीम स्वान और क्रिस ट्रेमलेट शामिल हैं.
दक्षिण अफ्रीका के 19 और न्यूजीलैंड के 10 खिलाड़ियों की भी बोली लगेगी.
श्रीलंका के 18, वेस्टइंडीज के 16 और जिम्बाब्वे के सात खिलाड़ियों के नाम भी इस सूची में हैं.
हालैंड के टाम कूपर, आयरलैंड के नियाल और केविन ओब्रायन नीलामी में होंगे, जबकि बांग्लादेश के एकमात्र क्रिकेटर तामिम इकबाल इस नीलामी में शामिल होंगे.