पूर्व महिला हॉकी कप्तान ने पति पर दर्ज कराया घरेलू हिंसा का मामला
पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान वाइखोम सूरज लता देवी ने अपने पति के खिलाफ हिंसा, शारीरिक उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
![]() पूर्व भारतीय महिला हॉकी कप्तान वाइखोम सूरज लता देवी (file photo) |
पूर्व हॉकी खिलाड़ी ने बुधवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जब उनका 2005 में विवाह हुआ था, उनका पति तभी से उन्हें परेशान कर रहा था और इसका मुख्य कारण दहेज है।
सूरज लता देवी की कप्तानी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2002 राष्ट्रमंडल खेलों, 2003 में एफ्रो-एशियाई खेलों और 2004 में हॉकी एशिया कप में तीन स्वर्ण पदक जीते थे। बॉलीवुड फिल्म ‘चक दे इंडिया’ राष्ट्रमंडल खेलों की जीत से ही प्रेरित थी।
सूरज लता ने कहा कि जब मैं शादी के बाद अपने पदक और तस्वीरें साथ लेकर आई तो मेरे पति शांता सिंह ने मेरा मजाक उड़ाया और कहा कि इनका क्या फायदा है? उन्होंने आरोप लगाया कि सिंह ने उन पर यह भी आरोप लगाया कि उनके ‘अनैतिक आचरण’ के कारण उन्हें अजरुन पुरस्कार मिला। हॉकी खिलाड़ी ने कहा कि वह यह सोचकर उत्पीड़न बर्दाश्त करती रहीं कि उनके पति का व्यवहार बदल जाएगा। उन्होंने कहा कि मैं कभी नहीं चाहती थी कि यह मामला सार्वजनिक हो, लेकिन हरेक के धैर्य और सहनशीलता की सीमा होती है।
| Tweet![]() |