विश्व कप हॉकी : स्पेन ने न्यूजीलैंड से खेला ड्रा

Last Updated 07 Dec 2018 02:53:40 AM IST

स्पेन की टीम दो गोल की बढ़त बनाने के बावजूद उसे बरकरार नहीं रख पाई और अंतिम क्वार्टर में दो गोल खाकर उसे न्यूजीलैंड के खिलाफ बृहस्पतिवार को विश्व कप हॉकी टूर्नामेंट का पूल ए मुकाबला 2-2 से ड्रा खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।


स्पेन ने न्यूजीलैंड से 2-2 गोल से ड्रा खेला

स्पेन के पास जीत हासिल करने का अच्छा मौका था लेकिन न्यूजीलैंड ने आखिरी क्वार्टर में छह मिनट में दो गोल कर मैच ड्रा करा लिया। दोनों टीमों को मैच में एक-एक पेनल्टी कार्नर मिला।

कलिंगा स्टेडियम में खेले गए इस मैच के नौंवें मिनट में ही स्पेन ने बढ़त हासिल कर ली। अल्बर्ट बेल्ट्रान ने मैदानी गोल कर स्पेन को 1-0 से आगे कर दिया। अल्वारो इग्लेसियस ने 27वें मिनट में मैदानी गोल किया और स्पेन 2-0 से आगे हो गया।

तीसरे क्वार्टर तक दो गोल से पिछड़ी रहने वाली कीवी टीम ने चौथे क्वार्टर में जोर लगाया और 50वें मिनट में अपना पहला गोल कर दिया। हेडन फिलिप्स ने मैदानी गोल से स्कोर 1-2 कर दिया। इस गोल से न्यूजीलैंड के हौसले बुलंद हो गए और 56वें मिनट में उसने बराबरी हासिल कर ली।

केन रसेल ने पेनल्टी कार्नर पर न्यूजीलैंड के लिए बराबरी का गोल दाग दिया। इसके बाद दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं।

वार्ता
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment