यूपी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर का निधन, योगी, अखिलेश ने दी श्रद्धांजलि

Last Updated 19 Oct 2021 02:40:22 PM IST

उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक सुखदेव राजभर का लंबी बीमारी के बाद सोमवार रात यहां निधन हो गया।


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव मंगलवार को दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए पूर्व अध्यक्ष सुखदेव राजभर के आवास पहुंचे।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर शोक जताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

बड़ी संख्या में विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर दिवंगत नेता के गोमती नगर स्थित आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर आजमगढ़ स्थित उनके घर ले जाया जाएगा और बुधवार को वाराणसी में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

70 वर्षीय राजभर 2007 और 2012 के बीच बसपा सरकार में यूपी विधानसभा के अध्यक्ष थे।

वह आजमगढ़ के दीदारगंज निर्वाचन क्षेत्र से विधायक थे।

राजभर सौम्य स्वभाव के राजनेता, बसपा में सबसे सम्मानित नेताओं में से एक थे और अध्यक्ष के रूप में उनका कार्यकाल बिना किसी विवाद के रहा था।

अगस्त में उन्होंने बसपा अध्यक्ष मायावती को पत्र लिखकर कहा था कि वह सक्रिय राजनीति से संन्यास लेना चाहते हैं। उनका बेटा समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभर के निधन पर दुख जताया और कहा कि उन्होंने हमेशा गरीब और पिछड़े वर्ग से जुड़े मुद्दों को उठाया।

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने भी राजभर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, "यूपी विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष, सुखदेव राजभर की मृत्यु एक अपूरणीय क्षति है। शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले। सामाजिक न्याय के लिए समर्पित उनका राजनीतिक जीवन हमेशा दूसरों को प्रेरित करता रहेगा।"
 

आईएएनएस
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment