बुलंदशहर: छेड़छाड़ के दौरान होनहार छात्रा की मौत, मिली थी 4 करोड़ की स्कॉलरशिप

Last Updated 11 Aug 2020 11:43:04 AM IST

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में अमेरिका से लौटी एक होनहार छात्रा छेड़छाड़ से बचने के चक्कर में सड़क हादसे का शिकार हो गई। पीड़िता सुदीक्षा भाटी छुट्टियों में भारत आई हुई थी और 20 अगस्त को उसे अमेरिका वापस जाना था।


सुदीक्षा भाटी (फाइल फोटो)

जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त 19 वर्षीय यह छात्रा अपने बाइक पर सवार होकर बुलंदशहर जाने के अपने रास्ते पर थी।

पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

कोरोना के भयंकर संक्रमण के कारण घर लौटी सुदीक्षा भाटी अपने रिश्तेदार के घर जा रही थीं। वह चाचा के साथ बाइक पर बैठी थीं। इस दौरान रास्ते में बुलेट सवार कुछ शोहदों ने छेड़खानी शुरू कर दी। मनचलों की छेड़खानी से बचने के प्रयास में सुदीक्षा अपने चाचा की बाइक से नीचे गिर गई। जिससे उसके सिर पर काफी चोट आई और उसकी मौत हो गई।

सुदीक्षा के परिवार का आरोप है कि बुलेट सवार युवक बार-बार बाइक को ओवरटेक कर रहा था। उसने बाइक के सामने आकर अचानक ब्रेक मारा। इससे निगम ने बाइक पर कंट्रोल खो दिया। निगम और सुदीक्षा दोनों नीचे गिरे। सुदीक्षा की मौत हो गई। चाचा अस्पताल में हैं।

बुलंदशहर के एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि हादसे के बाद परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। अब परिजनों द्वारा छेड़छाड़ की बात बताई गई है, जिसको लेकर भी जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुदीक्षा ने बुलंदशहर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। उसने इंटरमीडिएट में 98 फीसदी अंक हासिल किए थे। 3.80 करोड़ रुपये की स्कॉलरशिप  मिलने के बाद सुदीक्षा अमेरिका के मैसाचुसेट्स में स्थित बैबसन कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी।

विपक्षी दलों ने बोला हमला

इस मामले को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ हमला बोल दिया है।

बसपा अध्यक्ष मायावती ने ट्वीट कर लिखा कि "बुलन्दशहर में अपने चाचा के साथ बाईक पर जा रही होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी को मनचलों की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी, जो अति-दु:खद, अति-शर्मनाक व अति-निन्दनीय है। बेटियाँ आखिर कैसे आगे बढ़ेंगी? यूपी सरकार तुरन्त दोषियों के विरूद्घ सख्त कानूनी कार्रवाई करे, बीएसपी की यह पुरजोर माँग है।"

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा, "उत्तर प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। बुलंदशहर में एक बेटी छेड़छाड़ का शिकार हुई और उसकी हत्या हो गयी। ऐसे अनेकों घटनाएं आए दिन प्रदेश में हो रही हैं। यहां पर जंगलराज चल रहा है। सरकार महिला सशक्तिकरण की बात तो कर रही है लेकिन कार्रवाई के नाम पर सरकार केवल खानापूर्ति कर रही है। यह सरकार मस्त और कानून व्यवस्था ध्वस्त है।"

आईएएनएस
बुलंदशहर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment