पुलिस को विकास दुबे के घर से मिली एके-47: प्रशांत कुमार

Last Updated 14 Jul 2020 11:33:14 AM IST

उत्तर प्रदेश में कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र में पिछली दो-तीन जुलाई की रात बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या में एके-47 और इंसास रायफल जैसे अत्याधुनिक हथियारों का प्रयोग किया गया था।


अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने मंगलवार को यहां पत्रकारों को बताया कि दुर्दांत हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एके-47 समेत अन्य अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा मिला है जबकि घटना में शामिल 50 हजार रूपये के इनामी बदमाश शशिकांत के घर से पुलिस ने लूटी गयी इंसास रायफल बरामद की गयी है। शशिकांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

उन्होंने बताया कि विकास और उसके साथियों ने दो-तीन जुलाई की रात दबिश देने गयी पुलिस टीम पर योजनाबद्ध तरीके से हमला किया था और इसमें घातक हथियारों का प्रयोग किया गया था। इस हमले में मृत पुलिसकर्मियों के हथियार भी बदमाशों ने लूट लिए थे।

कुमार ने बताया कि इस मामले में 21 नामजद अभियुक्तों में अब तक चार को गिरफ्तार किया गया है जबकि विकास दुबे समेत छह आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारे गए हैं। अन्य के भी जल्द पकड़े जाने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि हत्या की जघन्य वारदात की रात कौन-कौन से पुलिस के कर्मचारी अपराधियों के संपर्क में थे। इस पुर पुलिस की कड़ी नजर है। विकास दुबे के संपर्क में रहने वाले किसी भी अधिकारी, पुलिसकर्मी अथवा अन्य को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि विकास दुबे ने गिरोह के सदस्यों से पुलिसकर्मियों से लूटे गये हथियार और गोला बारूद अपने घर में छिपाने को कहा था।

वार्ता
कानपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment