शिवपाल ने फिरोजपाबाद सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा

Last Updated 27 Jan 2019 04:43:18 PM IST

शिवपाल सिंह यादव ने सपा के खिलाफ फीरोजाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लडऩे की घोषणा करते हुये कहा ‘‘मैं उस आदमी पर कोई कैसे विश्वास कर सकता है, जिसने अपने पिता और चाचा को धोखा दिया हो।’’


प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) प्रमुख शिवपाल सिंह यादव

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को यहां गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुये कहा कि फीरोजाबाद के लोग चाहते हैं कि मैं यहां से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ूं। लोगों की भावनाओं का आदर करते हुए मैं फीरोजाबाद से ही लड़ूंगा।

गौरतलब है कि फिरोजाबाद लोकसभा सीट से श्री शिवपाल यादव के चचेरे भाई और समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव लोकसभा सदस्य हैं।

उन्होंने कहा, ''हमारी पार्टी के समर्थन के बिना 2019 में कोई भी सरकार नहीं बना पायेगी। वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद उनकी पार्टी सरकार बनाएगी।''

सपा अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए श्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा ‘‘उन्होंने कभी भी सपा में कोई उच्च पद नहीं मांगा और न ही किसी मंत्री का पद, लेकिन उनके भतीजे ने उन्हें दरकिनार कर दिया। मैं केवल सम्मान चाहता था, लेकिन एक साजिश के तहत मुझे पार्टी से अलग कर दिया गया। हम उस व्यक्ति (अखिलेश यादव) पर कैसे भरोसा कर सकते हैं, जिसने अपने पिता और चाचा को धोखा दिया है। इसके बाद हमें मजबूरी में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) का गठन करना पड़ा। ’’

श्री शिवपाल सिंह यादव ने बसपा अध्यक्ष मायावती के सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की बुआ होने पर तंज कसते हुये कहा ‘‘श्री मुलायम सिंह यादव और मैंने मायावती को बहिन ही नही माना तो वह अखिलेश की बुआ कैसे हो गयी।’’ उन्होंने गठबंधन पर हमला बोलते हुये कहा कि बबुआ ने अपने पिता को धोखा दिया और बुआ ने अपने भाइयों को धोखा दिया। बसपा को जहां पर भी फायदा नजर आएगा तो वह साथ देने वाले को किनारे कर देती है। सपा को तीन-तीन बार झटका देते हुए भाजपा के साथ सरकार बना चुकी है।



उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव को 'गुण्डा', सपा को गुंडों की पार्टीं तथा उन्हें दुराचारी बताने वाले दल के साथ गठबंधन पिता और चाचा का साफ अपमान है।

वार्ता
फिरोजाबाद


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment