उत्तर प्रदेश में बनेगा आयुर्वेदिक विवि : योगी

Last Updated 20 Jan 2019 05:30:46 AM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां शनिवार को कहा कि सरकार की योजना प्रदेश में एक आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय बनाने की है।


कानपुर में आयोजित आयुर्वेद पर्व के दौरान एक पंडाल पर आयुर्वेदिक उत्पादों का अवलोकन करते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय आयुषमंत्री श्रीपद यसो नायक और वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी।

इसके लिए इस बार बजट में प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री शनिवार को आयुष मंत्रालय की ओर से आयोजित आयुर्वेद पर्व और प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आयुर्वेद के लिए हमारी सरकार ने एक बहुत बड़ा कार्यक्रम प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं समझता हूं कि आयुर्वेद के लिए जो कार्य वर्तमान सरकार प्रदेश में कर रही है, वह प्रधानमंत्री मोदी की प्रेरणा से ही संभव हुआ है।’’ योगी ने कहा कि प्रदेश में 100 स्थानों पर वेलनेस सेंटर की कार्रवाई चल रही है। यदि प्रत्येक वेलनेस सेंटर में आयुर्वेद के चिकित्सक जिम्मेदारी लेकर कार्य करें, तो बहुत अच्छे परिणाम आ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में आयुष मंत्रालय बनने के बाद तमाम नई संभावनाएं बनी हैं। देश में मेडिकल टूरिज्म की जो आधारशिला बनी, वह आयुर्वेद की वजह से बनी थी। योग के साथ आयुर्वेद का साथ ही इसे आगे बढ़ा सकता है।

योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड व देश के कई अन्य हिस्सों में आयुर्वेद को लेकर अपार संभावनाएं हैं। किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने में आयुर्वेद महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकता है। हर्बल गार्डन से वे अपनी आय कई गुना बढ़ा सकते हैं।

इसके लिए ठोस कार्ययोजना आज तक नहीं बनी। ऐसी कार्ययोजना बनाई जाए, जिससे किसान की आय तो बढ़े ही आम आदमी का विश्वास आयुर्वेद पर मजबूत हो। कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय आयुष मंत्री श्रीपद यशो नाइक ने आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के लिए 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।

 

कानपुर
आईएएनएस


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment