यमुना एक्सप्रेस वे पर कैंटर में घुसी कार, तीन की मौत

Last Updated 09 Jan 2019 05:17:08 AM IST

यमुना एक्सप्रेस वे पर रबूपुरा क्षेत्र में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर कैंटर में घुस गई।


यमुना एक्सप्रेस वे पर कैंटर में घुसी कार, तीन की मौत (सांकेतिक फोटो)

हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक व उसकी मंगेतर समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गम्भीर रूप से घायल एक युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शवों की पहचान अंकुर गुप्ता, नेहा और कार्तिक के रूप में हुई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

दादरी निवासी हैप्पी उर्फ अंकुर गुप्ता (28) पुत्र संतोष गुप्ता की शादी रामबाग आगरा निवासी नेहा (26) पुत्री सतेंद्र गुप्ता के साथ तय हुई थी। 28 जनवरी को शादी होनी थी। अंकुर ने अपनी मंगेतर को शादी की खरीदारी के लिए दिल्ली बुलाया था। खरीदारी कराने के बाद मंगलवार सुबह वह मंगेतर नेहा उसके भाई कार्तिक गुप्ता (20) और होने वाली साली दीक्षा (22) को वापस आगरा छोड़ने जा रहा था। आई-10 कार में सवार चारों लोग मंगलवार सुबह करीब दस बजे यमुना एक्सप्रेस वे पर जीरो प्वाइंट से करीब 28 किमी पर पहुंचे तो उनकी कार अनियंत्रित होकर सामने चल रहे कैंटर में जा घुसी। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की सूचना पाकर पुलिस और एक्सप्रेस वे के कर्मी मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला गया। हादसा इतना भीषण था कि अंकुर गुप्ता, नेहा और कार्तिक गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई थी।

सहारा न्यूज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment