अखिलेश मामले में कानून अपना काम कर रहा है: भाजपा

Last Updated 06 Jan 2019 07:36:07 PM IST

भारतीय जनता पार्टी ने आज कहा कि उत्तर प्रदेश के अवैध खनन घोटाले में कानून अपना काम कर रहा है और इसमें राज्य सरकार का कुछ लेना देना नहीं है।


उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उत्तर प्रदेश के अवैध खनन घोटाले की जांच इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देश पर केंद्रीय जांच ब्यूरो कर रही है। इसका राज्य सरकार से कुछ लेना देना नहीं है।

एक सवाल के जवाब मे उन्होंने कहा, अखिलेशजी, आप लूट नहीं मचा सकते और इस पर अपना सीना नहीं ठोंक सकते। आपने लोगों को लूटा है और कानून अपना काम कर रहा है।’’

श्री सिंह ने कहा कि वर्ष 2016 में उच्च न्यायालय ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लिया था और जांच के लिए यह मामला केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘सीबीआई अपना काम चुनाव या गठबंधन को ध्यान में रखकर नहीं करती।’’



गौरतलब है कि राज्य में अवैध खनन घोटाले में सीबीआई ने छापेमारी की है। मीडिया खबरों के अनुसार यह घोटाला उत्तर प्रदेश में श्री अखिलेश यादव के मुख्यमंत्रित्व काल में हुआ था। इसलिये उन्हें भी पूछताछ के लिये तलब किया जा सकता है। इस पर श्री यादव ने कहा कि भाजपा के खिलाफ गठबंधन के कारण उन्हें फंसाया जा रहा है।

वार्ता
नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment