यूपी: माया-अखिलेश के बीच सीटों का बंटवारा, 37-37 सीटों पर लड़ेंगे चुनाव

Last Updated 05 Jan 2019 09:48:21 AM IST

लोकसभा चुनाव को लेकर रोज बन बिगड़ रहे समीकरणों के बीच उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी में 50-50 के फार्मूले के तहत चुनाव मैदान में जाने पर सहमति लगभग बन गई है।


यूपी: माया-अखिलेश के बीच सीटों का बंटवारा (फाइल फोटो)

शुक्रवार की देर रात राजधानी में बसपा सुप्रीमो मायावती के घर बैठक हुई, जिसमें सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव व अन्य बड़े नेता मौजूद थे।

सूत्रों के मुताबिक, देर रात तक चली बैठक में यह तय हुआ है कि उत्तर प्रदेश की लोकसभा की 80 सीटों में से 37 सीटों पर सपा और 37 ही सीटों पर बसपा चुनाव लड़ेगी। चार सीटें चौधरी अजित सिंह की पार्टी आरएलडी को मिल सकती हैं। बाकी बची 2 सीटों पर कांग्रेस के खिलाफ यह मोर्चा अपने उम्मीदवार नहीं उतारेगा। ये सीटें अमेठी और रायबरेली हैं, जिनकी नुमाइंदगी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी व संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी करती हैं।

शुक्रवार को मायावती के घर हुई आलास्तरीय बैठक में सीटों के बंटवारे का फार्मूला तय हो चुका है। इसकी औपचारिक घोषणा मकर संक्रांति के दिन या उसके बाद की जा सकती है। अखिलेश यादव ने बड़ा दिल दिखाते हुए बड़ी पहल की और उन्होंने यहां तक पेशकश कर दी कि बसपा चाहे जितनी सीटों पर चुनाव लड़ ले, लेकिन गठबंधन हर हाल में होना चाहिए।

इस पर बैठक में यह तय हुआ कि सपा और बसपा 50-50 के फार्मूले के तहत ही चुनाव लड़ेंगी। जिस तरह से कांग्रेस को लेकर ये दोनों दल लगातार बयानबाजी कर रहे थे, उससे यह तो पहले से ही तय था कि यूपी में लोस चुनाव में विपक्ष का गैर कांग्रेसी गठबंधन बनेगा। इसके संकेत सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी लगातार दे रहे थे।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment