बुलंदशहर हिंसा: मुख्य आरोपी योगेश राज गिरफ्तार

Last Updated 03 Jan 2019 10:58:49 AM IST

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में कथित गो हत्या की घटना को लेकर पिछले साल तीन दिसंबर को भड़की हिंसा के मुख्य आरोपी और बजरंग दल के स्थानीय नेता योगेश राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


बुलंदशहर हिंसा: मुख्य आरोपी योगेश राज गिरफ्तार

इस हिंसा में एक पुलिस निरीक्षक और एक आम नागरिक की मौत हो गई थी।           

पुलिस ने बताया कि बजरंग दल का स्थानीय संयोजक राज हिंसा के बाद से फरार था। उसे बुधवार की रात करीब साढ़े 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 91 पर खुर्जा टी प्वाइंट से गिरफ्तार किया गया।

इससे पहले बुधवार सुबह हिंसा के आरोपी सतीश और विनीत और गोकशी मामले के आरोपी अजहर ने बुलंदशहर की स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था।     

क्षेत्राधिकारी (स्याना) राघवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया, ‘‘हां, योगेश राज को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी चिकित्सीय जांच कराई जा रही है और कुछ समय बाद कानूनी कार्रवाई के लिए उसे आज स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।’’     

मालूम हो कि जिले के महवा गांव के पास एक खेत में गाय का शव मिलने के बाद हिंसा भड़क गई थी। हिंसा में पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह और 20 वर्षीय सुमित कुमार की गोली लगने से मौत हो गई थी।     

इस हिंसा के लिए स्याना पुलिस थाने में 27 लोगों के खिलाफ नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।     

भाषा
मेरठ (उत्तर प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment