बुलंदशहर हिंसा: इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को गोली मारने वाला गिरफ्तार

Last Updated 28 Dec 2018 03:01:33 PM IST

उत्तर प्रदेश में बुलन्दशहर जिले के स्याना क्षेत्र में गत तीन दिसम्बर को चिंगरावठी गांव में गोकशी को लेकर हुऐ बवाल के दौरान पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह पर गोली चलाने वाले प्रशांत नट को पुलिस ने गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया।


बुलंदशहर हिंसा: इंस्पेक्टर को गोली मारने वाला गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी ने शुक्रवार को यहां बताया कि प्रशांत नट को बुलन्दशहर और गौतमबुद्धनगर जिले की सीमा से गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रशांत नट को पुलिस अधिकारी  चिंगरावठी पुलिस चौकी ले गए।

उन्होंने बताया कि प्रशांत नट ने तीन दिसम्बर को हुई घटना के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रशांत नट ने घटनाक्रम के पूरे विवरण की जानकारी दी। उसने युवक सुमित को गोली लगने और सुबोध कुमार सिंह की पिस्टल छीन कर उसे गोली लगने के बाद पुलिस की गाड़ी में आग लगाने तक की पूरी बात बताई। पुलिस आरोपी से अभी भी पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि गत तीन दिसम्बर को बुलंदशहर के स्याना कोतवाली क्षेत्र में गोकशी की घटना के बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुई झड़प में गोली लगने से कोतवाली प्रभारी सुबोध कुमार सिंह और सुमित नामक युवक की मृत्यु हो गई थी।

इस घटना में पुलिस अब तक 26 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

 

वार्ता
बुलन्दशहर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment