बुलंदशहर हिंसा को लेकर विपक्ष का योगी पर निशाना

Last Updated 04 Dec 2018 09:00:02 PM IST

बुलंदशहर हिंसा ने विपक्ष को उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर प्रहार का मौका दे दिया है।


बुलंदशहर हिंसा को लेकर विपक्ष का योगी पर निशाना

कांग्रेस और सपा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने गृह जनपद गोरखपुर में लेजर शो का आनंद ले रहे थे और बाद में वहां कबड्डी प्रतियोगिता में पुरस्कार दे रहे थे।
       
योगी के इस्तीफे की मांग करते हुए सपा और कांग्रेस दोनों ने ही लेजर शो में जाने की आलोचना की। उनका कहना है कि योगी कानून-व्यवस्था की तत्परता से समीक्षा नहीं कर रहे हैं।         

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अशोकसिंह ने कहा कि योगी को राजस्थान का चुनावी दौरा छोड़ लखनऊ पहुंचना चाहिए था ताकि वह कल हुई बुलंदशहर की घटना का जायजा ले सकते।        

उन्होंने कहा कि योगी नैतिक आधार पर इस्तीफा दें। वह प्रदेश में गुंडाराज के लिए जिम्मेदार हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गयी है। लेजर शो देखने की बजाय उन्हें लखनऊ में होना चाहिए था।        

सपा प्रवक्ता सुनीलसिंह साजन ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गयी है। योगी कल रात गोरखपुर में लेजर शो का आनंद ले रहे थे।        

साजन ने भी योगी के इस्तीफे की मांग की। योगी ने छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री रमनसिंह के साथ कल रात गोरखपुर में नाथ संप्रदाय पर आधारित लाइट एंड साउंड शो देखा था। इस घटना की वीडियो फुटेज समाचार चैनलों पर वायरल हो गया। साउण्ड एंड लाइट शो 45 मिनट का था, जिसे पर्यटन विभाग ने तैयार किया है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी बुलंदशहर की घटना पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि एक इंस्पेक्टर और एक अन्य व्यक्ति की हत्या राज्य सरकार की गैर जिम्मेदाराना और गलत नीतियों का परिणाम है।        



भाजपा नेताओं का हालांकि कहना है कि मुख्यमंत्री ने घटना के बाद तत्काल अपर पुलिस महानिदेशक (खुफिया) एस बी शिराडकर को तुरंत मौके पर पहुंचने और दो दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा।

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment