फिरोजाबाद से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे शिवपाल !

Last Updated 13 Nov 2018 06:39:06 AM IST

समाजवादी परिवार में ‘रार’ के मद्देनजर भतीजे अखिलेश यादव के खिलाफ राजनीतिक पार्टी बनाने वाले चाचा शिवपाल सिंह यादव अब लोकसभा चुनाव में भाग्य आजमाएंगे।


शिवपाल सिंह यादव

यादव के फिरोजाबाद से चुनाव लड़ने की चर्चाएं हैं। फिलहाल इस सीट से समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव सांसद हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने राजनीति में अपने बड़े भाई मुलायम सिंह यादव की अंगुली पकड़कर चलना सीखा। वे इटावा की जसवंत नगर सीट से लगातार विधायक चुने जा रहे हैं। मगर साल 2016 में उनकी भतीजे और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से खटक गई है। दोनों के बीच दिनोंदिन दूरियां बढ़ रही हैं।

इस बीच शिवपाल ने प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (पीएसपी) का गठन कर लिया है। नई राजनीतिक पार्टी के बैनर तले यादव ने राज्य की मैनपुरी सीट को छोड़ शेष 79 सीटों पर अपने प्रत्याशी लड़ाने का ऐलान किया है। मैनपुरी सीट से उन्होंने मुलायम सिंह यादव का समर्थन किया है। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे शिवपाल सिंह यादव ने खुद के लिए फिरोजाबाद सीट को चुना है। इसके संकेत सोमवार को  पीएसपी के फिरोजाबाद जिलाध्यक्ष ने भी दिए हैं।

सहारा न्यूज ब्यूरो


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment