उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के खैरा गांव स्थित एक मंदिर के महंत की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी है.
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि बलिया और देवरिया की सीमा से सटे घाघरा तट पर स्थित मंदिर के कपाट सुबह नहीं खुलने पर ग्रामीणों को कुछ शक हुआ और उन्होंने पुलिस को इस बारे में सूचना दी.
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया तो महंत रामेर दास का खून से लथपथ शव पाया गया.
सूत्रों के मुताबिक महंत के सिर तथा पैर पर चोट के निशान हैं. ऐसा लगता है कि उस पर धारदार हथियार से वार किये गये हैं.
महंत मंदिर की जमीन के झगड़े को लेकर अपनी हत्या की आशंका पहले ही जता चुके थे और माना जा रहा है कि उनकी हत्या इसी विवाद को लेकर हुई है.
पुलिस ने इस सिलसिले में एक मामला दर्ज कर सम्पूर्णानंद तिवारी नामक युवक की तलाश शुरू कर दी है, जो कुछ दिन पहले ही मंदिर में सेवा करने आया था और इस वारदात के बाद से लापता है.