नर्स भंवरी देवी की गुमशुदगी मामले में गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने कांग्रेसी सांसद बद्री जाखड़ से पूछताछ की.
पाली क्षेत्र से सांसद जाखड़ राज्य में जाट समुदाय के जानेमाने नेता हैं.
सीबीआई के एक करीबी सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "बद्री जाखड़ जोधपुर के सर्किट हाउस में आए जहां उनसे लगभग घंटाभर पूछताछ की गई."
ज्ञात हो कि भंवरी पिछले वर्ष एक सितम्बर को लापता हो गई थी. कहा जाता है कि शहाबुद्दीन, सोहन लाल आर बलदेव जाट उर्फ बलिया ने जोधपुर के ग्रामीण इलाके बिलाड़ा से भंवरी को अगवा कर उसकी हत्या कर दी थी और उसका शव बिशनाराम बिश्नोई के आपराधिक गिरोह को सौंप दिया था. इस गिरोह ने शव को जलाकर राख व अन्य अवशेष एक नहर में फेंक दिए थे. सीबीआई को इसके सबूत मिले हैं.
गौरतलब है कि पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा को एक सीडी में कथित तौर पर भंवरी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखा गया है. समझा जाता है कि इस सीडी के आधार पर भंवरी मदेरणा को ब्लैकमेल कर रही थी. मदेरणा ने भंवरी को रास्ते से हटाने के लिए आपराधिक गिरोहों का सहारा लिया.
सीबीआई को अब इंद्रा बिश्नोई की तलाश है जो भंवरी की करीबी रही है.
इस मामले में कांग्रेस विधायक मलखान सिंह बिश्नोई और भंवरी के पति अमरचंद सहित अब तक 15 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं.