![]() |
राजस्थान हाईकोर्ट ने सोमवार को भंवरी देवी मामले में एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सीबीआई को नोटिस जारी किया. हाईकोर्ट ने नर्स भंवरी देवी की गुमशुदगी मामले की एक संदिग्ध आरोपी की 80 वर्षीया मां को पूछताछ के नाम पर कथित तौर पर प्रताड़ित किए जाने की शिकायत पर सोमवार को सीबीआई के निदेशक एवं अन्य अधिकारियों को नोटिस जारी किया. एक वकील के मुताबिक नोटिस कांग्रेस विधायक मलखान सिंह बिश्नोई की मां अमरी देवी द्वारा दायर याचिका पर जारी किया गया. विधायक मलखान को सीबीआई पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. सीबीआई ने मलखान की बहन इंद्रा बिश्नोई के बारे में जानकारी लेने के लिए अमरी से पूछताछ की थी. इंद्रा फरार है और कई बार समन भेजे जाने पर भी वह सीबीआई के समक्ष पेश नहीं हुई है. न्यायमूर्ति गोविंद माथुर की खंडपीठ ने सीबीआई को 10 फरवरी तक जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है. सीबीआई ने अमरी देवी से जोधपुर के सर्किट हाउस में गत मंगलवार और बुधवार को पूछताछ की थी. इसके बाद गुरुवार सुबह उसे मथुरा दास माथुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान अमरी देवी को प्रताड़ित किया गया. वह बिश्नोई समुदाय के दिवंगत नेता एवं पूर्व मंत्री राम सिंह बिश्नोई की विधवा है. अमरी देवी के वकील सुनील जोशी ने कहा, "अदालत ने हमारी याचिका स्वीकार कर ली और सीबीआई के निदेशक तथा इस मामले की जांच कर रहे अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया." सीबीआई की ओर से हालांकि राजस्थान पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार जांच एजेंसी ने अमरी से पूछताछ के लिए उसे समन नहीं भेजा था. उधर, बिश्नोई समुदाय के लोगों ने भी दावा किया कि सीबीआई द्वारा बिश्नोई परिवार को प्रताड़ित किया जा रहा है. किसान संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों लोग शुक्रवार को जुलूस लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुंचे थे और प्रदर्शन किया था. याचिका में आरोप लगाया गया है कि सीबीआई द्वारा गैरकानूनी और अनावश्यक रूप से बच्चों तक को पूछताछ के लिए समन भेजा जा रहा है. मालूम हो कि भंवरी पिछले वर्ष एक सितम्बर का लापता हो गई थी. कहा जाता है कि शहाबुद्दीन, सोहन लाल आर बलदेव जाट उर्फ बलिया ने जोधपुर के ग्रामीण इलाके बिलाड़ा से भंवरी को अगवा कर उसकी हत्या कर दी थी और उसका शव बिशनाराम बिश्नोई के आपराधिक गिरोह को सौंप दिया था. इस गिरोह ने शव को जलाकर राख व अन्य अवशेष एक नहर में फेंक दिया था. गौरतलब है कि पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा को एक सीडी में कथित तौर पर भंवरी के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखा गया है. समझा जाता है कि इस सीडी के आधार पर भंवरी मदेरणा को ब्लैकमेल कर रही थी. मदेरणा ने भंवरी को रास्ते से हटाने के लिए आपराधिक गिरोहों का सहारा लिया. सीबीआई को इंद्रा बिश्नोई की तलाश है जो भंवरी की करीबी रही है. इस मामले में भंवरी के पति अमरचंद सहित अब तक 15 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं.
|
|||||||||||||||||||||||||||||||||||