एन बीरेन सिंह लगातार दूसरी बार बने मणिपुर के मुख्यमंत्री, पांच अन्य ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में ली शपथ

Last Updated 21 Mar 2022 05:14:47 PM IST

राज्य में नवनिर्वाचित भाजपा विधायकों के नेता के रूप में नामित किए जाने के एक दिन बाद, नोंगथोम्बम बीरेन सिंह ने सोमवार को लगातार दूसरी बार मणिपुर के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।


एन बीरेन सिंह ने मणिपुर के CM पद के लिए ली शपथ

इंफाल के राजभवन में एक समारोह में राज्यपाल ला. गणेशन ने सिंह को पद की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री के अलावा, भाजपा और उसके सहयोगी नगा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) के पांच नवनिर्वाचित विधायकों ने भी शपथ ली।

पांच मंत्रियों में भाजपा के थोंगम बिस्वजीत सिंह, युमनाम खेमचंद सिंह, गोविंददास कोंथौजम, नेमचा किपगेन और एनपीएफ के अवांगबो न्यूमाई शामिल हैं।

पूर्व मंत्री नेमचा किपगेन बीरेन सिंह मंत्रिपरिषद में एकमात्र महिला मंत्री हैं। हालांकि मंत्रिपरिषद के बाद में विस्तारित होने की संभावना है, क्योंकि छह मंत्रियों के पद खाली हैं। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, त्रिपुरा के उनके समकक्ष बिप्लब कुमार देब और कई शीर्ष गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

भाजपा ने फरवरी-मार्च के चुनावों में, जिसके परिणाम 10 मार्च को घोषित किए गए थे, ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 32 विधायकों के साथ बहुमत हासिल किया था।

एक पूर्व फुटबॉलर से पत्रकार और फिर राजनेता बने 61 वर्षीय सिंह इससे पहले कांग्रेस में थे। वह अक्टूबर 2016 में भाजपा में शामिल हुए और फरवरी-मार्च विधानसभा चुनावों में, रिकॉर्ड 5वीं बार अपने पारंपरिक हिंगांग निर्वाचन क्षेत्र से जीतकर विधानसभा पहुंचे।

कांग्रेस के पूर्व नेता बीरेन सिंह अक्टूबर 2016 में भाजपा में शामिल हुए और फरवरी-मार्च विधानसभा चुनाव में अपने पारंपरिक हिंगांग निर्वाचन क्षेत्र से रिकॉर्ड 5वीं बार जीत हासिल की।

शपथ ग्रहण के बाद मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा, मैं अपने सभी सहयोगी और विधायक की सराहना करता हूं जिन्होंने मुझे समर्थन दिया और मैं राज्य के लोगों का भी आभार व्यक्त करता हूं। मेरी सरकार का पहला कदम होगा कि इस राज्य को भ्रष्टाचार मुक्त करना। मैं राज्य से भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए दिन-रात काम करूंगा।

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने कहा, हमारा अगला कदम यह होगा कि राज्य से किसी भी तरह के ड्रग संबंधी मामले को खत्म किया जाए।
 

आईएएनएस
इंफाल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment