Punjab Eelection 2022: कांग्रेस की करारी हार के बाद सीएम चन्नी ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, स्वीकार किया जनादेश

Last Updated 11 Mar 2022 02:59:47 PM IST

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार के बाद शुक्रवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को अपना इस्तीफा सौंपा।


CM चन्नी ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपा

चन्नी की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल ने विधानसभा भंग करने की सिफारिश करते हुए आम आदमी पार्टी की अगुवाई वाली सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त कर दिया।

राज्यपाल को इस्तीफा सौंपने राज भवन गए चन्नी ने नतीजों के एक दिन बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।’’

पंजाब कैबिनेट ने की विधानसभा भंग करने की सिफारिश

पंजाब कैबिनेट ने शुक्रवार को राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को 15वीं पंजाब विधानसभा भंग करने की सिफारिश करने की मंजूरी दे दी। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी की अध्यक्षता में यहां उनके सरकारी आवास पर वर्चुअल कैबिनेट बैठक के दौरान इस आशय का निर्णय लिया गया।

इस बात का खुलासा करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि पंजाब के राज्यपाल को संविधान के अनुच्छेद 174 के खंड (2) के उप-खंड (बी) के अनुसार राज्य विधानसभा को भंग करने का अधिकार है।

यह कदम एक संवैधानिक आवश्यकता होने के कारण अब 16वीं पंजाब विधानसभा (विधान सभा) के गठन का मार्ग प्रशस्त करेगा।

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने अपने सभी कैबिनेट सहयोगियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और लोगों को वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान राज्य में समग्र विकास और शांति बनाए रखने के लिए धन्यवाद दिया।

उन्होंने आने वाली सरकार को भी बधाई दी और आशा व्यक्त की कि वह लोगों से किए गए वादों को गंभीरता से लागू करेगी।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनकी सरकार द्वारा जनहित में लिए गए निर्णय जैसे बिजली की दरों में कमी, तेल पर वैट कम करना, रेत और बजरी की दरों को कम करना अगली सरकार द्वारा जारी रखा जाएगा।

गौरतलब है कि कांग्रेस को पंजाब विधानसभा चुनावों में करारी शिकस्त मिली है। आम आदमी पार्टी ने 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटें जीती जबकि कांग्रेस 18 सीटों पर सिमट गयी। आप ने शिरोमणि अकाली दल-बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन का भी सफाया कर दिया। शिअद को तीन सीटें जबकि भाजपा को दो और बसपा को महज एक सीट मिली।

विधानसभा चुनावों में चन्नी, प्रकाश सिंह बादल और अमरिंदर सिंह समेत कई दिग्गजों को हार का सामना करना पड़ा।

चन्नी दोनों सीटों पर हार गए जहां से उन्होंने चुनाव लड़ा। उन्हें भदौर सीट से आप के लाभ सिंह उगोके ने 37,558 मतों के अंतर से हराया। चमकौर साहिब से वह आप के चरणजीत सिंह से 7,942 मतों के अंतर से हारे।
 

भाषा/आईएएनएस
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment