कांग्रेस पंजाब में भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही : सैलजा

Last Updated 20 Feb 2022 03:23:18 AM IST

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पंजाब में कांग्रेस पार्टी की स्टार प्रचारक कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पंजाब में भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।


हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पंजाब में कांग्रेस पार्टी की स्टार प्रचारक कुमारी सैलजा

उन्होंने पंजाब में कई विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी का प्रचार किया है, इस वक्त पंजाब में कांग्रेस पार्टी की लहर है और कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाने जा रही। वह खुशहाली और विकास की ओर बढ़ रहे पंजाब के मतदाताओं से अपील करती हैं कि विकास और खुशहाली की रफ्तार को रोकने की सभी कोशिशों को नाकाम करें और कांग्रेस पार्टी को अपना बहुमूल्य वोट दें।
कुमारी सैलजा ने यहां एक बयान में कहा कि कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी, हमारे नेता राहुल गांधी जी और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में पंजाब विकास की सीढ़ी चढ़ने के लिए तैयार है। कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जी, हमारे नेता राहुल गांधी जी ने पहले चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाकर और अब उनका नाम मुख्यमंत्री पद के लिए घोषित करके एक नया इतिहास बनाया है। उन्होंने 111 दिनों के कार्यकाल में ही ऐसे-ऐसे काम करके दिखा दिए जो पहले कोई सोच भी नहीं सकता था। एक साधारण परिवार से आने वाले गरीब, शोषित, वंचित तबके की आवाज चरणजीत सिंह चन्नी को जब मौका मिला तो उन्होंने अपने आप को पूरी तरह साबित करके दिखाया है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के घोषणापत्र में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है।

कांग्रेस की सरकार दोबारा बनने पर सभी जरूरतमंद छात्रों के लिए सरकारी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों में मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाएगी। एससी स्कॉलरशिप जारी रखी जाएगी और बीसी व सामान्य वर्ग के लिए स्कॉलरशिप विस्तृत की जाएगी। कांग्रेस सरकार बनते ही मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह के पहले दस्तखत के साथ हर साल एक लाख नौकरियां देने का कार्य शुरू हो जाएगा। प्रदेश की सभी जरूरतमंद महिलाओं के लिए 1100 रुपए हर महीना दिया जाएगा।

इसके साथ जरूरतमंद महिलाओं को आठ सिलेंडर हर साल निशुल्क प्रदान किए जाएंगे। पंजाब के मजदूर भाइयों-बहनों के हितों को ध्यान में रखते हुए मनरेगा में मजदूरी को बढ़ाकर 350 रुपए किया जाएगा और कार्य दिवस को 100 से बढ़ाकर 150 किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश में सभी जरूरतमंद लड़कियों की शिक्षा के लिए सरकार आर्थिक सहायता देगी। कक्षा पांचवी की छात्राओं को पांच हजार रुपऐ, कक्षा दसवीं में 10 हजार रुपए और कक्षा बारहवीं की छात्राओं को 20 हजार रुपए और कम्प्यूटर दिए जाएंगे। कांग्रेस सरकार वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 3100 रुपए करेगी और छह महीने में हर कच्चा मकान पक्का किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चन्नी ने पंजाब के हर वर्ग को खुशहाल किया है। पानी और बिजली के बिल से लेकर किसानों के ऋण माफ करने तक पंजाब की कांग्रेस सरकार ने लोगों को राहत दी है। आज पूरे देश में बिजली की सबसे कम कीमतें पंजाब में ही हैं। भाजपा सरकार की साथी कही जाने वाली महंगाई ने जब पूरे देश में हाहाकार मचाया तो ऐसी परिस्थिति में भी चन्नी जी ने प्रदेश के लोगों को परेशान नहीं होने दिया और पेट्रोल-डीजल की कीमतें कम की। कांग्रेस सरकार ने किसान आंदोलन में शहीद होने वाले किसानों को मुआवजा दिया और नौकरी भी दी। पंजाब सरकार ने गरीबों के 50 हजार तक के ऋण भी माफ किए हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी एक हो सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों पार्टियों ने लोगों से झूठ बोलने व लोगों को गुमराह करने की कोई कसर नहीं छोड़ी है। आम आदमी पार्टी गरीब लोगों के सामने सिर्फ ढोंग करती है और सारा पैसा सिर्फ विज्ञापनों में खर्च होता है। कोरोना महामारी के बीच 17 महीनों में ही दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने विज्ञापन पर 490 करोड़ खर्च कर दिए थे। अभी ताजा खुलासे ने आम आदमी पार्टी के षड्य़ंत्रकारी मंसूबों की पोल खोलकर रख दी है। उन्होंने कहा कि जनता केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है। भाजपा सरकार अहंकार में चूर है। कृषि विरोधी काले कानूनों को वापस भी तब लिया गया जब किसानों और मजदूरों का दबाव बढ़ा। भाजपा सरकार की हठधर्मिता के कारण हमारे सात सौ से ज्यादा किसान शहीद हो गए।

सहारा न्यूज ब्यूरो
चंडीगढ़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment