आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद धनखड़ का सीएम ममता पर प्रहार, कहा- राज्य बना अवैध बम बनाने का घर

Last Updated 19 Sep 2020 02:06:23 PM IST

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने शनिवार को मुर्शिदाबाद जिले से छह आतंकवादियों की गिरफ्तारी को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कड़ा प्रहार किया है।


धनखड़ ने कहा कि राज्य अवैध बम बनाने का घर बन गया गया है और गंभीर रूप से खराब होती कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारियों से पुलिस विभाग के शीर्ष पर बैठे लोग बच नहीं सकते।

धनखड़ ने ट्वीट किया,“ममता बनर्जी के पुलिस अधिकारी राजनीतिक एजेंडे पर काम करते हैं, विपक्षी दलों पर निशाना साधते हैं। पुलिस विभाग को देखने वाले लोग राज्य की तेजी से खराब होती कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी से बच नहीं सकते हैं। राज्य अवैध बम बनाने का स्थान बन चुका है, इससे लोकतंत्र की स्थिति डवांडोल हो सकती है। लोकतंत्र से समझौता नागरिकों के जीवन के लिए खतरनाक है। ममता के अधिकारियों का प्रशासन और पुलिस के राजनीतिकरण करने पर ज्यादा ध्यान है।”



राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने आज तड़के अल-कायदा के नौ आतंकवादियों को गिरफ्तार किया जिनमें छह पश्चिम बंगाल के और तीन केरल के एर्नाकुलम से हैं।

आतंकवादियों की याेजना दिल्ली समेत देश के कई अन्य इलाकों की सरकारी इमारतों और मासूम लोगों को निशाना बनाना था। उनके पास से बड़ी संख्या में संवेदनशील दस्तावेज और हथियार बरामद हुए हैं। उन्हें आज अदालत में पेश किया जायेगा।
 

वार्ता
कोलकाता


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment