हिमाचल में भारी बारिश, कई रास्ते बंद और स्कूलों में छुट्टी

Last Updated 17 Aug 2019 12:47:10 PM IST

हिमाचल प्रदेश में शनिवार को लगातार मध्यम से भारी बारिश से कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन होने से राजमार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, वहीं प्रमुख नदियां और उनकी सहायक नदियां उफान पर हैं।


अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राज्य के कांगड़ा शहर में सबसे अधिक 118 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि धर्मशाला में 115 मिली मीटर, डलहौजी में 84 मिली मीटर और पालमपुर में 64 मिली मीटर दर्ज की गई। वहीं राज्य की राजधानी शिमला में 40 मिली मीटर बारिश हुई।

स्थानीय मौसम कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि रविवार तक राज्य के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।

लगातार बारिश से शिमला, किन्नौर, मंडी और कुल्लू जिलों में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ है, जिससे वाहनों का आवागमन बाधित हो रहा है।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि राज्य की प्रमुख नदियां- सतलुज, ब्यास और यमुना, जो कि पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा से होकर गुजरती हैं, उनका जलस्तर भी बढ़ गया है।

कांगड़ा में मूसलाधार बारिश के कारण सभी शिक्षण संस्थान बंद

कांगड़ा जिले में भारी बारिश के कारण सभी शिक्षण संस्थान शनिवार को बंद कर दिए गए।     

कांगड़ा के उपायुक्त और जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि जिले के कई हिस्सों में शुक्रवार शाम से लगातार हो रही बारिश के मद्देनजर शनिवार सुबह यह निर्देश जारी किए।     

प्रजापति ने कहा, ‘‘जिले में लगातार हो रही बारिश और प्रतिकूल मौसम को देखते हुए आज (शनिवार को) स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहने की घोषणा की जाती है।’’   

मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को ‘ऑरेन्ज अलर्ट’ जारी करते हुए राज्य में भारी बारिश को लेकर आगाह किया था। साथ ही ‘रेड वॉर्निंग’ जारी करते हुए कांगड़ा सहित कई जिलों में शनिवार और रविवार को मूसलाधार बारिश होने की जानकारी दी थी।

आईएएनएस/भाषा
शिमला


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment